भारतीय हॉकी टीम के लीजेंड खिलाड़ी और भूतपूर्व कप्तान संदीप सिंह की जिंदगी पर आधारित फिल्म 'सूरमा' को लेकर दर्शक काफी उत्साहित है। जब इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तो इसे दर्शकों का जबरदस्त रिसपॉन्स मिला था। बता दें कि इस फिल्म में संदीप का किरदार दिलजीत दोसांझ निभाएंगे। इस फिल्म में तापसी पन्नू और अंगद बेदी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।
दिलजीत इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त है और हाल ही में वह शाहबाद स्थित संदीप के घर पहुंचे थे। यहां पहुंचते ही संदीप और उनके परिवार ने ना सिर्फ दिलजीत का जोरदार तरीके से स्वागत किया बल्कि संदीप के पिता ने दिलजीत को वहीं हॉकी सौंपी जिससे उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। बता दें कि कुछ देर पहले ही दिलजीत ने संदीप और उनके भाई विक्रम के साथ उसी ट्रेन में सफर किया, जिसमें संदीप को गोली लगी थी।
दिलचस्प बात यह है कि संदीप ने आज लगभग 12 साल बाद उसी ट्रेन में सफर किया है और इस दौरान वहां पर मीडिया भी मौदूज थी। इस दौरान संदीप और दिलजीत के इस सफर को बॉलीवुड लाइफ के राहुल शर्मा ने अपने कैमरे में कैद किया है। नीचे देखें इन तस्वीरों को...
मीडिया से बात करते हुए संदीप के भाई विक्रम ने उस वाकये को याद किया जब उन्हें संदीप को गोली लगने की खबर का पता चला था...उस वाकये को याद करके विक्रम भावुक हो गए। नीचे देखें वीडियो
बता दें कि साल 2006 में शताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे और इसी दौरान उन्हें गोली लगी थी। इस हादसे के बाद संदीप की जिंदगी में जैसे तूफान आ गया और दो साल तक वह व्हीलचेयर पर ही बैठे रहे। खैर मजबूत इरादों वाले संदीप ऐसे कैसे हार मान जाते। संदीप ने खुद पर भरोसा रखा और ना सिर्फ व्हीलचेयर को अलविदा कहा बल्कि भारतीय हॉकी टीम में धमाकेदार वापसी की।
बात की जाए फिल्म सूरमा की तो यह फिल्म 13 जुलाई, 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म का निर्देशन शाद अली ने किया है। फिलहाल तो हमें कमेंटबॉक्स में बताए कि आप इस फिल्म को देखने के लिए कितने उत्सुक है?
Subscribe Now
Enroll for our free updates




