Also Read
अक्षय कुमार, बॉबी देयोल और रितेश देशमुख स्टारर फिल्म 'हाउसफुल 4' की शूटिंग इन दिनों लंदन में जारी है और पूरी फिल्म की कास्ट एंड क्रू वहां मौजूद है। हाल ही में कोरियोग्राफर फराह खान की एक फोटो सामने आईं थी जिसमें वो इस फिल्म में नजर आने वाली तीनों हसीनाओं के साथ पोज करते हुए दिखी थी। फिल्म में तीनों हीरो के अपोजिट कृति सेनन, कृति खरबंदा और पूजा हेगड़े नजर आने वाली है। दरअसल ये फोटो 'हाउसफुल 4' के गाने के शूटिंग के वक्त थी। इस फिल्म की शूटिंग एक गाने के साथ शुरू हुई है। अब इस गाने से जुड़ी एक अहस जानकारी हमारे हाथ लगी है।
दरअसल बात ये है कि लंदन में जिस जगह इस गाने की शूटिंग हो रही है उसे आप सिल्वर स्क्रीन पर पहले भी देख चुके हैं। इस गाने का एक हिस्सा लंदन की प्रमुख हेरिटेज साइट ब्लेनहिंम पैलेस में शूट हुआ है। खास बात ये है कि इस साइट को पहले भी दो बार बॉलीवुड की फिल्मों में इस्तेमाल किया जा चुका है और ये दोनों ही फिल्में शाहरुख खान की थी।
न्यूज पोर्ट्ल डीएनए की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। दरअसल शाहरुख खान की साल 2016 में आई फिल्म 'फैन' का एक सीक्वेंस इसी जगह पर शूट किया गया था। इसके अलावा बॉलीवुड के 'किंग' खान की फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में भी इस जगह को दिखाया गया है। लेकिन साल 2001 में आई इस फिल्म में दिखाई गई लंदन की इस हैरिटेज साइट के सीन में शाहरुख खान नहीं बल्कि ऋतिक रोशन और करीना कपूर को दिखाया गया था।
इसके बाद अब एक बार फिर दर्शक सिल्वर स्क्रीन पर इस खास साइट को देख सकेंगे और इसी के साथ अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'हाउसफुल 4' इस जगह को दिखाने वाली बॉलीवुड की तीसरी फिल्म बनेगी।