Arun Verma: बॉलीवुड में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो भले ही पोस्टर पर नजर न आएं, लेकिन उनकी अदाकारी फिल्म में जान फूंकने का काम करती है. ऐसा ही एक बेहतरीन कलाकार था, जो भोपाल की गलियों से निकलकर मायानगरी में अपनी पहचान बनाने निकला और उसमें वे न सिर्फ कामयाब हुआ बल्कि, बड़े-बड़े स्टार्स की फिल्मों में अपनी ऐसी छाप छोड़ी जिसे मिटाना मुश्किल है. हालांकि, इंडस्ट्री में एंट्री से लेकर जगह बनाने तक का एक्टर का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है.
कब और कैसे हुई फिल्मी सफर की शुरुआत?
साल 1987 क बात है, जब सिनेमाघरों में सनी देओल की फिल्म 'डकैत' धूम मचा रही थी. इसी फिल्म के जरिए एक नए चेहरे ने बड़े पर्दे पर कदम रखा, जिसका नाम अरुण वर्मा था. दिलचस्प बात यह है कि, उसी साल अनिल कपूर की फिल्म 'मिस्टर इंडिया' भी रिलीज हुई थी, जिसमें अनिल कपूर के किरदार का नाम भी अरुण वर्मा ही था. ये इत्तेकाफ था या कुदरता का इशारा कि असली अरुण वर्मा जल्द ही सिनेमाई दुनिया का एक मजबूत हिस्सा बनने वाले है.
1960 में भोपाल में जन्मे अरुण वर्मा के भीतर एक कवि और एक अदाकार दोनों ही बसते थे. भोपाल की साहित्यिक तहजीब ने उनके बोलने के अंदाज को इतना खास बना दिया था कि, जब वे संवाद बोलते तो उसमें दर्द और हास्य दोनों साफ झलकते थे और उनके अंदार छुपा यही कलाकार उन्हें मायानगरी मुंबई की तरफ खींच लाया, लेकिन मुंबई की चकाचौंध में रहने के बावजूद उन्होंने अपनी सादगी कभी नहीं छोड़ी, यही वजह थी कि दर्शक उनके हर किरदार में खुद को देख पाते थे.
बॉलीवुड के हर दिग्गज की बन गए थे पहली पसंद
अरुण वर्मा उन चुनिंदा कलाकारों मे से थे जिन पर बड़े निर्देशकों ने हमेशा भरोसा किया. फिर चाहे वो राज कपूर हो या फिर सुभाष घई या सलमान खान अरुण वर्मा हर बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा रहे. संजय दत्त, ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित जैसे सुपरस्टार्स के बीच अपनी उन्होंने अपनी अलग और खास पहचान बनाई, जो उनकी काबिलियत का सबसे बड़ा सबूत था. सलमान खान के साथ उनकी केमिस्ट्री काफी ज्यादा खास थी, खासकर 'मुझसे शादी करोगी' फिल्म में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने लोगों को खूब हंसाया था.
200 करोड़ी फिल्म का भी रहे हिस्सा
बतौर एक्टर अरुण वर्मा ने अपने करियर के दौरान हर तरह के उतार-चढ़ाव देखे, जहां उन्होंने 200 करोड़ रुपए कमाने वाली सलमान खान की फिल्म 'किक' में काम किया, वहीं वे छोटे बजट की फिल्मों में भी अपनी कला का प्रदर्शन करने से कभी पीछे नहीं हटे. उनके लिए कैमरा ही उनकी दुनिया थी.
बीमारी ने छीन ली एक्टर की जान
हालांकि, एक्टर ने बहुत ही कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. 20 जनवरी 2022 को इस बेहतरीन कलाकार का भोपाल के एक अस्पताल में फेफड़ों और दिमाग में ब्लॉकेज के कारण निधन हो गया. आज भले ही अरुण वर्मा हमारे बीच नहीं है, लेकिन 'खलनायक' से लेकर 'किक' तक में उनकी एक्टिंग और किरदार हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे.
Subscribe Now
Enroll for our free updates