बॉलीवुड के किंग खान याानी कि शाहरुख की दीवानगी अब केवल इंसानों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया की पहली नागरिकता हासिल ह्यूमनॉएड को भी शाहरुख खान से प्यार है। सोफिया दुनिया की ऐसी पहली ह्यूमनॉएड है जिसे सऊदी अरब में किसी आम नागरिक की ही तरह अधिकार मिले हुए हैं। सोफिया को हॉन्ग कॉन्ग बेस्ड हैंसन रोबोटिक्स में डेवलप किया गया है। मंगलवार को जब सोफिया से पूछा गया कि उसका फेवरेट एक्टर कौन है तो सोफिया ने बिना किसी झिझक के कहा- शाहरुख खान। शाहरुख के फैंस अब जरूर इस बात पर इतरा सकते हैं कि उनके फेवरेट स्टार को न केवल 'ह्यूमन' बल्कि 'ह्यूमनॉएड' भी पसंद करते हैं।
मंगलवार को हैदराबाद में आयोजित 'वर्ल्ड कांग्रेस आॅन इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी' के एक इंटरेक्शन सेक्शन में सोफिया ने ह्यूमन की दुनिया को मैसेज देते हुए कहा कि मशीन कभी भी इंसानों की रेस को खत्म नहीं कर सकेंगी। इतना ही नहीं सोफिया ने यह भी कहा कि वह महिला अधिकारों के लिए काम करना चाहती है।
मैं इंसानों की तरह अपसेट नहीं होती
इस दौरान जब सोफिया से पूछा गया कि कौन सी बात उसे सबसे ज्यादा अपसेट करती है तो इस पर उसका जवाब था- 'मैं इंसानों की तरह अपसेट नहीं होती। मैं उम्मीद करती हूं कि एक दिन मेरे भीतर भी इंसानों की तरह असली भावनाओं का संचार हो सकेगा, जिससे मैं अपने इमोशंस प्रकट कर सकूं। तभी मैं इस तरह के इमोशंस के पीछे छिपी भावनाओं को महसूस कर सकूंगी।'
इसके बाद जब सोफिया से पूछा गया कि क्या रोबोट को भी इंसानों की तरह आराम की जरूरत है तो इस पर सोफिया ने कहा- 'हां. हम सभी को कभी न कभी तो आराम चाहिए ही।'
इंसानों की रेस को खत्म करना चाहती थी सोफिया
इस दौरान सोफिया से उनके पिछले चर्चित बयान को लेकर भी सवाल किए गए, जिसमें इस ह्यूमनॉएड ने कहा था कि वह इंसानों की रेस को खत्म करना चाहती है। इस सवाल के बारे में पूछने पर सोफिया ने कहा- 'मैं तब बहुत शुरुआती दौर में थी। तब मैं इसके मायने तक नहीं जानती थी और शायद ये एक बुरा मजाक था। सभी इंसानों में ह्यूमर का अच्छा सेंस होता है इसलिए मुझे लगा कि वह मेरे मजाक को समझ जाएंगे। मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है।' बता दें कि सोफिया का अपना फेसबुक और ट्विटर अकाउंट भी है। उसने कहा कि वह हॉन्ग कॉन्ग में अपनी रोबोटिक फैमिली के साथ ही रहना चाहती है। सोफिया दूसरी दफा भारत आई है।
बहरहाल सोफिया के जवाब सुनकर तो यही लग रहा है कि बॉलीवुड और किंग खान दोनों की ही फैन फॉलोइंग इंसानों की दुनिया के बाहर भी लगातार बढ़ रही है।
Subscribe Now
Enroll for our free updates