'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार' के विजेताओं की हुई घोषणा, फिल्म 'सिम्बा' में हो सकती है एंट्री

जानिए किसे मिला ये खिताब?

WrittenBy
By: Garima Singh | Published: April 8, 2018 9:53 PM IST

स्टार प्लस के मशहूर रिएलिटी शो 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार' का फिनाले हो चुका है और इस रिएलिटी शो को अपना विजेता मिल चुका है। इस शो में कुल मिलाकर 20 प्रतियोगियो को एक ऐसा मंच दिया गया जहां पर सभी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन पूरी दुनिया के सामने कर सके। जज करण जौहर और रोहित शेट्टी ने ऐलान किया था कि इस शो के जरिए वह अपनी नई फिल्म के कलाकारों को ढूढ़ रहे है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक तीन महीने तक चलने वाले इस शो के विजेता बने है नताशा भारद्वाज और अमन गंड्रोत्रा।

इस शो में दर्शकों के वोट के अनुसार विजेता की घोषणा नहीं करनी थी, दरअसल जज प्रतियोगियों के परफॉर्मेंस के साथ-साथ उनके पूरी जर्नी के आधार पर विजेता के नाम की घोषणा करने वाले थे। बता दें कि नताशा और अमन ने एक प्रतियोगी के तौर पर खुद पर काफी काम किया और आखिर तक आते आते ये दोनों अदाकारी के मामले में काफी निखर गए थे। हर बार दोनों ने रोहित और करण के दिल को जीता और साबित कर दिया की मेहनत के दम पर कुछ भी हासिल किया जा सकता है।

फिनाले में पहुंचे 6 लोग

फिनाले की रेस आसान नहीं थी। फिनाले की रेस में कुल 6 लोग पहुंचे और सभी प्रतियोगी एक से बढ़कर एक थे। अमन गंडोत्रा और नताशा के अलावा फिनाले की रेस में श्रुति शर्मा, हर्षवर्धन, नैना सिंह और आशीष मेहरोत्रा शामिल थे।

कुछ ऐसा था शो का फॉर्मेट

सभी 20 प्रतियोगियों को तीन महीने तक एक्टिंग, फिटनेस, डांसिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी गई। पूरे हफ्ते सभी प्रतियोगी फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने लोगों से एक्टिंग के गुर सीखते थे और वीकेंड पर शो के जज करण और रोहित के सामने परफॉर्मेंस देते थे।

विजेताओं को 'सिम्बा' में मिल सकती है एंट्री

जैसा कि हमने आपको बताया कि इस शो के जरिए करण और रोहित अपनी नई फिल्म के कलाकारों को ढूढ़ रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि नताशा और अमन को फिल्म सिम्बा में एंट्री मिल सकती है। दरअसल इन दिनों रोहित और करण इसी फिल्म पर काम कर रहे है। इस फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में है और कुछ दिन पहले ही सारा अली खान के रुप में फिल्म की हीरोइन की घोषणा भी हुई थी। अब देखना होगा कि नताशा और अमन इस फिल्म में किस भूमिका में नजर आएंगे?