Also Read
विक्की कौशल के लिए प्रोफेशनल फ्रंट पर देखें तो 2018 शानदार साल साबित हुआ है। 2015 में नीरज घयान की 'मसान' से डेब्यू करने के बाद विक्की कौशल ने एक के बाद एक कई शानदार परफॉरमेंस से सजी फिल्में दी हैं। फिर चाहे वह अनुराग कश्यप की 'रमन राघव 2.0' में सनकी इंस्पेक्टर का किरदार हो या फिर हालिया रिलीज फिल्म 'संजू' में कमली का किरदार, विक्की ने अपनी परफॉरमेंस से हर दफा ही चौंकाया है। इसके अलावा विक्की का अभिनय कौशल नेटफ्लिक्स की हालिया वेब सीरीज 'लस्ट स्टोरीज' में भी देखने को मिला है। खैर ये तो थी विक्की के काम की तारीफ, लेकिन यहां हम इस रिपोर्ट में विक्की की प्रोफेशनल लाइफ से इतर पर्सनल लाइफ से रूबरू करवाने जा रहे हैं।
विक्की के अफेयर को लेकर खबरों का बाजार गर्म है। स्पॉटब्वॉयई की एक रिपोर्ट की मानें तो विक्की कौशल इन दिनों पॉपुलर टीवी अभिनेत्री और होस्ट हरलीन सेठी को डेट कर रहे हैं। हरलीन इससे पहले कई टीवी कमर्शियल में भी नजर आ चुकी हैं। जल्द हरलीन विक्रांत मैसी के अपोजिट आॅल्ट बालाजी की वेब सीरीज 'ब्रोकन' में भी नजर आने वाली हैं। विक्की के काफी नजदीकी सूत्र ने स्पॉटब्वॉयई को बताया कि दोनों की मुलाकात उनके एक कॉमन डायरेक्टर फ्रेंड आनंद तिवारी के जरिए हुई है। सूत्र के हवाले से वेबसाइट ने लिखा है- 'दोनों की मुलाकात अचानक हुई है। दोनों की मुलाकात को अभी कुछ ही महीने हुए हैं, ऐसे में दोनों धीरे-धीरे ही आगे बढ़ रहे हैं। विक्की और हरलीन इन दिनों बेहद हसीन दौर से गुजर रहे हैं।'
खैर, वो कहते हैं न बिना आग के धुंआ नहीं उठता है। इस खबर में जरा भी सच्चाई है तो हम भी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि दोनों के बीच रिलेशनशिप कैसे शेप लेती है। 'संजू' में अपने अभिनय के लिए लोगों की खूब तारीफें हासिल कर चुके विक्की कौशल जल्द अनुराग कश्यप की फिल्म 'मनमर्जियां' में नजर आएंगे। इस फिल्म में तापसी पन्नू और अभिषेक बच्चन ने भी मुख्य भूमिकाएं अदा की हैं। फिल्म 14 सितंबर को रिलीज हो रही है। विक्की इसके अलावा सर्जिकल स्ट्राइक पर बेस्ड 'उड़ी' की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म में विक्की कौशल सैन्य अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे।