Jiah Khan Case: Sooraj Pancholi को बड़ी राहत, सीबीआई कोर्ट ने सुनाया ये फैसला

Sooraj Pancholi gets big relief from CBI court in Jiah Khan Suicide Case: बॉलीवुड फिल्म स्टार सूरज पंचोली को दिवंगत फिल्म अभिनेत्री जिया खान आत्महत्या मामले में सीबीआई कोर्ट से बड़ी राहत मिली हैं। यहां जानिए कोर्ट ने क्या कहा?

WrittenBy
By: Shivani Bansal | Published: September 17, 2021 6:57 PM IST

Sooraj Pancholi gets big relief from CBI court in Jiah Khan Suicide Case: दिवंगत फिल्म अभिनेत्री जिया खान (Jiah Khan) खुदकुशी मामले में आरोपी सूरज पंचोली (Sooraj Pancholi) को आज सीबीआई (CBI) कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जिया खान आत्महत्या मामले में चल रही आगे की जांच के लिए अभिनेत्री की मां राबिया (Rabiya Amin) और सीबीआई की याचिकाओं को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। जिसके बाद सूरज पंचोली को बड़ी राहत मिली है। जिया खान की मां और सीबीआई की टीम ने दरअसल, अदालत से मांग की थी कि एक्ट्रेस ने जिस दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी उसकी जांच चंडीगढ़ की फॉरेंसिक लैब में करवाई जाए। साथ ही दिवंगत अभिनेत्री की मां ने अपील की थी सूरज पंचोली जिस फोन का इस्तेमाल कर जिया को चैट्स भेजा करता था उसकी जांच अमेरिका के फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन से करवाई जाए। जिससे वो चैट रिकवर की जा सके जिसे एक्टर ने डिलीट कर दिया था।

पीड़ित पक्ष की इन अपीलों का एक्टर सूरज पंचोली के वकील प्रशांत पाटिल ने कोर्ट में जोरदार खंडन किया। उन्होंने कोर्ट से कहा कि जब पहले से ही इस मामले का फैसला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट कर चुका है तो फिर उनके मुवक्किल को फिर क्यों परेशान किया जा रहा है। दोनों पक्षों की दलीलों के बाद सीबीआई की कोर्ट ने पीड़ित पक्ष की इन अपीलों को रद्द कर दिया है।

याद दिला दें कि फिल्म अभिनेत्री जिया खान ने साल 2013 में अपने मुंबई स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में सूरज पंचोली पर जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। जिसके बाद फिल्म स्टार को गिरफ्तार भी किया गया और उन्हें इस मामले में जेल तक जाना पड़ा था। बता दें कि फिल्म स्टार जिया खान ने अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म निशब्द से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद वो गजनी और हाउसफुल जैसी फिल्मों में भी नजर आई थीं।