Also Read
'बाजीराव-मस्तानी' और 'पद्मावत' जैसी सुपरहिट फिल्मों में दमदार भूमिकायें निभाने वाले रणवीर सिंह अचानक से बॉलीवुड फिल्मकारों की पहली पसंद बन गए हैं। बड़े-बड़े डायरेक्टर उन्हें अपनी फिल्म में लेने के लिए आतुर दिख रहे हैं। अगर बॉलीवुड के गलियारों से आ रही खबरों की मानें तो करण जौहर का धर्मा प्रोडक्शन, जो कि रणवीर सिंह की 'सिम्बा' का निर्माण कर रहा है, वो अब रणवीर के साथ एक और फिल्म बनाना चाहता है। बताया जा रहा है कि करण जौहर, रणवीर सिंह के साथ स्प्रिचुअल गुरू आचार्य रजनीश यानि के ओशो की बायोपिक फिल्म बनाना चाहते हैं।
ओशो 70 के दशक में काफी मशहूर हुए थे। देश और दुनिया के लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे भी ओशो की शरण में जाने लगे थे। बताया जाता है कि महेश भट्ट, परवीन बाबी और विनोद खन्ना तो ओशो के पक्के भक्त बन गए थे।
टाइम्स नाउ ने अपनी एक रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है कि रणवीर सिंह ने पिछले कुछ समय में जिस तरह की फिल्में की हैं, उससे उन्होंने बड़े-बड़े फिल्मकारों का भरोसा जीत लिया है। इसी भरोसे के चलते अब करण जौहर, रणवीर को ओशो की बायोपिक फिल्म में लेना चाहते हैं।
'कपूर एंड सन्स' और 'एक मैं और एक तू' जैसी फिल्में बना चुके निर्देशक शकुन बत्रा, ओशो की बायोपिक फिल्म को निर्देशित कर सकते हैं। शकुन इस बायोपिक फिल्म में ओशो की विवादित जिंदगी का चित्रण करना चाहते हैं।
वैसे आपको बता दें कि रणवीर सिंह इस समय जोया अख्तर की 'गली बॉय' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म के बाद वो रोहित शेट्टी की एक्शन पैक्ड 'सिम्बा' शुरू करेंगे, जो कि इसी साल रिलीज होनी है। इन दोनों फिल्मों के बाद वो कबीर खान की '83' शुरू करेंगे, जो कि 1983 के वर्ल्ड-कप पर आधारित होगी।