सलमान खान के साथ 'बिग बॉस 12' में नजर आएंगी कटरीना कैफ, आएगा नया ट्विस्ट

'बिग बॉस 12' के लिए शुरु हुआ ऑडिशन

WrittenBy
By: Garima Singh | Published: April 19, 2018 12:10 PM IST

'बिग बॉस 12' लगातार सुर्खियों में है और आए दिन इस शो के नए सीजन को लेकर कोई ना कोई खबर सामने आ रही है। बता दें कि इन दिनों इस शो के निर्माता इसके अगले सीजन पर लगातार काम कर रहे है। बता दें कि काफी लम्बे समय से सलमान इस शो को होस्ट करते हुए नजर आ रहे है और पिछले कुछ सालों से यह शो टीआरपी लिस्ट में भी काफी धमाल मचा चुका है।

अब सुनने में आ रहा है कि सलमान के साथ-साथ कोई और भी इस शो में तड़का लगाने आ रहा है। डेक्कन क्रॉनिकल की एक खबर पर गौर करें तो 'बिग बॉस 12' में सलमान के साथ कटरीना भी होस्ट के तौर पर नजर आ सकती हैं। एक सूत्र ने इस अखबार को जानकारी दी है कि, 'बिग बॉस को होस्ट करने के लिए कटरीना का नाम सामने आ रहा है। सलमान के साथ उनकी केमेस्ट्री देखते ही बनती है और टेलीविजन पर दोनों साथ में अच्छे को होस्ट साबित हो सकते है। कटरीना ही ऐसी अदाकारा है जो कि स्क्रीन पर सलमान का मजाक उड़ा सकती है।'

कुछ ऐसा होगा इस बार का थीम

बता दें कि 'बिग बॉस 12' का थीम कुछ धमाकेदार होगा। पिछले दिनों ही कलर्स चैनल के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी गई कि 'बिग बॉस 12' जल्द ही आ रहा है और इस बार इस सीजन के लिए निर्माताओं को जोड़ियों की तलाश है, इसलिए दोगुने धमाल के लिए अपने साथ अपने पार्टनर को भी बिग बॉस के घर में लाइए। इसी के साथ इस बात की भी जानकारी दी गई है कि 12वें सीजन के लिए ऑडिशन की शुरुआत हो चुकी है।

बता दें कि इस थीम की वजह से ही इस शो के निर्माता इस बार सलमान के साथ किसी और को भी होस्ट के तौर पर रखना चाहते है। फिलहाल तो कमेंटबॉक्स में बताए कि आप 'बिग बॉस 12' को देखने के लिए कितने उत्सुक है?