साल 2000 से शुरु होने वाले मशहूर शो कौन बनेगा करोड़पति के दसवें सीजन का प्रसारण बीती रात ही किया गया। महानायक अमिताभ बच्चन ने इस सफर को आज पूरे 18 साल पहले शुरु किया था और आज भी इस शो को लेकर लोगों की उत्सुकता देखते ही बनती है। बता दें कि इस शो के पहले सीजन को 3 जुलाई, 2000 को लॉन्च किया गया।
बिग बी ने दसवें सीजन के पहले एपिसोड का आगाज काफी शानदार तरीके से किया। उन्होंने पहले एपिसोड का आगाज खूबसूरत कविता तुम मुझको कब तक रोकोगे से की। दसवें सीजन में खेल में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिले और हमेशा की तरह हॉट सीट पर बैठा प्रतियोगी चार लाइफलाइन का इस्तेमाल करके अपनी मंजिल तक आसानी से पहुंच सकता है।
सुंदर कविता के साथ इस शो का आगाज करने वाले बिग बी ने जल्द ही फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट के जरिए इस शो के पहले प्रतियोगी को ढूढ़ निकाला। इस पड़ाव को हरियाणा की रहने वाली सोनिया यादव ने कम समय में पूरा किया और उन्हें बिग बी के सामने हॉट सीट पर बैठने का मौका मिला। सोनिया रिटॉयर्ड फौजी है और जब अमिताभ बच्चन ने उनसे ये सवाल पूछा कि आखिर वह इतनी जल्दी रिटॉयर्ड क्यों हो गई तो सोनिया का जवाब दिल को छू लेने वाला था।
सोनिया ने बताया कि वह बच्चों और जानवरों के लिए कुछ करना चाहती थी इसलिए उन्होंने ऐसा फैसला लिया। खैर खेल शुरु हुआ और एक के बाद एक सोनिया बिग बी के सवालों का जवाब देती रही। देखते ही देखते सोनिया ने 12 लाख 50 हजार जीत लिया लेकिन जैसे ही 13वां सवाल आया, सोनिया असमंजस में पड़ गई और तब तक उनके सारे लाइफलाइन खत्म हो चुके थे। उन्होंने गलत सवाल देने के बजाय शो को क्विट करने का फैसला किया।
बता दें कि केबीसी के कुल 30 एपिसोड का प्रसारण किया जाना है। आप कमेंटबॉक्स में बताए कि इस सीजन का पहला एपिसोड आपको कैसा लगा?