केएल राहुल-अथिया शेट्टी और अरशद वारसी के नाम पर हुई धोखाधड़ी, जाली सिग्नेचर कर हड़पे गए करोड़ों रुपए, जानें क्या है मामला

बॉलीवुड एक्ट्रेस आथिया शेट्टी, क्रिकेटर के एल राहुल और एक्टर अरशद वारसी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस अपनी जांच कर रही है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला

By: Shreya Pandey  |  Published: January 5, 2026 1:43 PM IST

केएल राहुल-अथिया शेट्टी और अरशद वारसी के नाम पर हुई धोखाधड़ी, जाली सिग्नेचर कर हड़पे गए करोड़ों रुपए, जानें क्या है मामला

माया नगरी मुंबई के अंधेरी इलाके से कॉर्पोरेट धोखाधड़ी की एक ऐसी सनसनीखेज मामला सामने आई है, जिसने एडवरटाइजमेंट और इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग की दुनिया को हिलाकर रख दिया है. एक नामी एजेंसी के तीन कर्मचारियों ने सेलिब्रिटी और ब्रांड्स के नाम पर अपनी ही कंपनी को 1.41 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया है. इस ठगी की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें केएल राहुल, अथिया शेट्टी और अरशद वारसी जैसे बड़े सितारों के नाम का फर्जी इस्तेमाल किया गया.

धोखाखड़ी का गंदा खेल

अंधेरी पुलिस ने कंपनी के तीन कर्मचारियों ऋषभ सुरेखा, यश नागरकोटी और आशय शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ऋषभ सुरेखा कंपनी में सीनियर मैनेजर के पोस्ट पर थे. ब्रांडिंग और सेलिब्रिटी प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी होने के कारण कंपनी के सीईओ और फाइनेंस टीम उस पर आंख बंधकर के भरोसा करती थी. इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने फर्जी इनवॉइस, नकली हस्ताक्षर और जाली ईमेल आईडी का एक ऐसा जाल बिछाया कि कंपनी को भनक तक नहीं लगी.

TRENDING NOW

कैसे पकड़ी गई ठगी?

ठगी का यह सिलसिला जुलाई 2023 से शुरू हुआ है. आरोपियों की चालाकी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि क्रिकेटर केएल राहुल और एक्टर अरशद वारसी के नाम से फर्जी प्रोजेक्ट्स दिखाए गए. हद तो तब हो गई जब एक्ट्रेस अथिया शेट्टी के जाली सिग्नेचर किए गए और अरशद वारसी के नाम से एक फर्जी ईमेल आईडी बनाकर पेमेंट्स के मेल भेजे गए. वहीं हैवेल्स के एक विज्ञापन के लिए दिया मिर्जा का नाम इस्तेमाल किया गया. कंपनी को बताया गया कि डील 31 लाख की है, जबकि प्रोडक्शन हाउस को 62 लाख का लालच दिया गया. इस रिपोर्ट ने ही पूरे घोटाले की पोल खोल दी.

पुलिस कर रही है जांच

जांच में पता चला कि फर्जी प्रोजेक्ट्स की करीब 52 लाख रुपये की राशि सीधे ऋषभ सुरेखा के पर्सनल बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी. सिर्फ प्रोफेशनल ही नहीं, ऋषभ ने पर्सनल लेवल पर भी धोखाधड़ी की. उसने अपनी मां की बीमारी का बहाना बनाकर कंपनी से 15 लाख रुपये का ब्याज-मुक्त लोन भी लिया था. कंपनी की कर्मचारी जेनी एंथोनी की शिकायत पर अब मुंबई पुलिस लेन-देन और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.