अभिषेक बच्चन अपनी अपकमिंग फिल्म 'मनमर्जियां' को लेकर एक बार फिर से चर्चाओं में हैं। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन रॉबी नाम का किरदार प्ले कर रहे हैं। फिल्म में अभिषेक पगड़ी वाले गेटअप में नजर आने वाले हैं। अब जबकि उनकी फिल्म रिलीज के लिए तैयार है तो ऐसा लग रहा है कि पिछले लंबे समय से पर्दे से दूर चल रहे अभिषेक के अच्छे दिन भी लौट रहे हैं। हालांकि, इसका काफी कुछ फिल्म की सक्सेस पर भी डिपेंड करता है।
अभिषेक बच्चन तकरीबन 2 साल से सिल्वर स्क्रीन से गायब हैं। अभिषेक आखिरी दफा 2016 में 'हाउसफुल 3' में नजर आए थे, लेकिन ये फिल्म कोई खास करिश्मा नहीं दिखा सकी। इससे पहले भी 'आॅल इज वेल' और 'हैप्पी न्यू ईयर' जैसी फिल्में अभिषेक के करियर के लिए डिजास्टर ही ज्यादा साबित हुई हैं, लेकिन अब ऐसा लग रहा है 'मनमर्जियां' ने उनकी किस्मत के दरवाजे दोबारा खोल दिए हैं।
खबरों की मानें तो 'मनमर्जियां' के बाद अब अभिषेक बच्चन के खाते में तीन फिल्में और हैं। डीएनए की एक रिपोर्ट के मुताबिक अनुराग बासु की एंथोलॉजी की एक कहानी में अभिषेक बच्चन लीड रोल में नजर आएंगे। इसके अलावा अभिषेक बच्चन की इन दिनों अनीस बज्मी से भी 'पागलपंथी' को लेकर बातचीत चल रही है। इन दोनों फिल्मों के अलावा अभिषेक और ऐश्वर्या राय की 'गुलाब जामुन' की भी चर्चाएं हैं। ऐसे में देखें तो अभिषेक के पास अब तीन फिल्में कम से कम ऐसी हैं, जिनको लेकर वह चर्चाओं में तो आ ही गए हैं।
'मनमर्जियां' बॉक्स आॅफिस पर ठीक-ठाक कारोबार कर लेती है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा अभिषेक बच्चन के करियर को ही मिलेगा। बता दें कि अनुराग कश्यप की 'मनमर्जियां' में अभिषेक बच्चन के अलावा तापसी पन्नू और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। तापसी पन्नू और विक्की कौशल दोनों का करियर अच्छा चल रहा है, ऐसे में देखें तो फिल्म के हिट होने का सबसे ज्यादा फायदा अगर किसी को मिलेगा तो वह अभिषेक बच्चन ही होंगे। फिल्म 14 सिंतबर को रिलीज होने जा रही है।