'रुस्तम', 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा', 'पैडमैन' और 'परी' के बाद अब क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट 1964 की क्लासिक फिल्म 'वो कौन थी' का रीमेक करने जा रहा है। इसके लिए फिल्म के प्रोड्यूसर एनएन सिप्पी से उन्होंने फिल्म के आधिकारिक राइट्स ले लिए हैं। यह फिल्म साइक्लोजिकल थ्रिलर थी। 1964 में रिलीज हुई इस फिल्म के डायरेक्टर थे राज खोसला। इस फिल्म में मनोज कुमार और साधना में मुख्य भूमिकाएं निभाईं थी। अब इस फिल्म को रीक्रिएट किया जाएगा।
फिल्म 'वो कौन थी' के गाने खासा लोकप्रिय हुए थे। फिल्म को संगीत संगीतकार मदन मोहन ने दिया था। फिल्म का गाना 'लग जा गले से' आजतक लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। इसके अलावा 'नैना बरसे रिमझिम' भी बहुत पंसद किया गया था। इन दोनों गानों को स्वर सम्राज्ञिनी लता मंगेश्कर ने गाया था। इस फिल्म के बारे में प्रोड्यूसर और प्रोडक्शन हाउस ओनर प्रेरना अरोरा ने कहा, 'जैसे ही इस फिल्म के रीमेक के लिए हमें अधिकार प्राप्त हुए ये दो गानें इस फिल्म की जान थे। इन दोनों गानों के बगैर फिल्म के बारे में सोचना भी नामुमकिन है।' प्रोड्यूसर प्रेरना अरोरा और अर्जुन एन कपूर इस फिल्म को महान अदाकार मनोज कुमार को समर्पित करेंगे।
यह फिल्म ब्लैक एंड व्हाइट जमाने की एक बेहतरीन क्लासिक फिल्म थी जिसमें सदाबहार अभिनेता मनोज कुमार और साधना ने अपनी शानदार एक्टिंग का जादू बिखेरा था। इसके बाद निर्देशक राज खोसला और साधना ने ऐसी की दो और बेहतरीन साइक्लॉजिकल थ्रिलर फिल्में 'मेरा साया' और 'अनिता' दी थी।
अक्षय कुमार हो सकते हैं फिल्म के हीरो
प्रेरना अरोरा की अब तक सभी फिल्में हिट रहीं है। वहीं, प्रोड्यूसर के एक्टर अक्षय कुमार के साथ अच्छे रिश्ते हैं। हाल ही में प्रेरना अरोरा ने कहा था, 'हां, क्रिअर्ज भाग्यशाली है कि अक्षय कुमार के साथ ‘रुस्तम’, ‘टॉइलेट – एक प्रेम कथा’ और ‘पैडमैन’ के बाद चौथी फिल्म पर एक साथ काम कर रहे हैं।' प्रेरना अरोरा ने कहा था कि अक्षय कुमार के साथ 'पैडमैन' के बाद अब वो चौथे प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं हालांकि उन्होंने तब ये नहीं बताया था कि ये कौन सा प्रोजेक्ट होगा। संभव है कि 'वो कौन थी' के रिमेक में एक बार फिर अक्षय कुमार प्रेरना अरोरा के साथ काम करते दिखें। वैसे अक्षय कुमार की एक्टिंग रेंज देख कर ये कयास सच भी साबित हो सकता है।