विशाल भारद्वाज अपनी अपकमिंग फिल्म 'पटाखा' के ट्रेलर और पोस्टर्स से ही एक बार फिर से धमाका मचा चुके हैं। 'पटाखा' की कहानी चरण सिंह पथिक की लघु कथा पर बेस्ड है, जो राजस्थान को बैकड्रॉप में रखते हुए दो बहनों की कहानी बयां करती है। दोनों बहनें एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाती और जब दोनों शादी के बाद अलग-अलग होने का ख्वाब पालती हैं तो नियति दोनों को एक बार फिर से एक ही घर में पटक देती है। फिल्म के ट्रेलर और पोस्टर्स को देखकर ही विशाल की इस फिल्म के मिजाज का अंदाजा हो जाता है। विशाल अलहदा किरदार पर्दे पर रचने के लिए पहचाने जाते हैं। अब इसी फिल्म से जुड़ी एक और धमाकेदार खबर सामने आ रही है।
खबरों की मानें तो विशाल भारद्वाज की 'पटाखा' से अब मलायका अरोड़ा खान भी जुड़ने जा रही हैं। विशाल इससे पहले अपनी फिल्म 'ओमकारा' में बिपाशा बसु को लेकर 'नमक इश्क का' और 'बीडी जलइले' जैसे हिट आइटम नंबर दे चुके हैं। अब 'पटाखा' से मलाइका अरोड़ा खान के जुड़ने से ये तो तय माना जा रहा है कि विशाल एक बार फिर से कोई धमाकेदार आइटम नंबर लेकर आने वाले हैं। इस गाले के बोल 'हेलो हेलो' हैं, जिसे गुलजार ने लिखा है। इसे खुद विशाल ने कंपोज किया है, जबकि गाने को रेखा भरद्वाज ने अपनी आवाज दी है।
मलाइका के आइटम नंबर्स पर नजर डालें तो उनके खाते में 'दिल से' के 'छईयां छईयां' से लेकर 'दबंग' के 'मुन्नी बदनाम' तक कई हिट नंबर्स शामिल हैं। अब ऐसा लग रहा है कि विशाल और गुलजार की जोड़ी एक बार फिर से इस आइटम नंबर के जरिए मलाइका को आइटम क्वीन का ताज फिर पहनाने जा रही है। मलाइका ने इस गाने की रिहर्सल भी शुरू कर दी है। इस आइटम नंबर को गणेश आचार्य डायरेक्ट करने जा रहे हैं। ये गाना गांव के मेले के बीच फिल्माया जाना है और ऐसे में इस देसी आइटम नंबर के लिए शायद ही मलाइका से बेहतर कोई दूसरी च्वाइस थी। बहरहाल, पटाखा में सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान ने बहनों की भूमिका निभाई है। इसके अलावा फिल्म में विजय राज और सुनील ग्रोवर भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
Subscribe Now
Enroll for our free updates