वेब सीरीज 'इनसाइड ऐज' की धमाकेदार सफलता के बाद एक बार फिर से यह वेब सीरीज आपके सामने आने वाली है। बहुत जल्द इसका दूसरा सीजन शुरु होने वाला है। 'इनसाइड ऐज 2' को लेकर लगातार खबरें आ रही है। बता दें कि इस वेब सीरीज में विवेक ओबेरॉय, संजय सूरी, अगंद बेदी, ऋचा चढ्ढा और साराह जेन-डायस नजर आएंगी। इस सीरीज को लेकर अब जो खबर सामने आ रही है, वह वाकई में काफी दिलचस्प है।
बता दें कि 'इंटरस्टेलर' और 'फुरी' जैसी हॉलीवुड फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुके अभिनेता मनीष गिरी का नाम इस वेब सीरीज से जुड़ चुका है। फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत इसका निर्माण किया जाएगा और इस सीरीज से जुड़ने की खुशी में मनीष ने एक स्टेटमेंट में कहा कि, 'मैं फरहान अख्तर का बहुत बड़ा फैन हूं और मैं हमेशा से ही किसी ना किसी तरीके से उनके साथ काम करने का सपना देखता था।'
मनीष ने आगे कहा कि, 'मैं सिडनी में एक विज्ञापन की शूटिंग कर रहा था और तभी मुझे एक्सेल एंटरटेनमेंट से फोन आया और कहा गया कि इनसाइड ऐज 2 में एक विशेष भूमिका है और मुझसे पूछा गया कि क्या मैं इसे करुंगा। जब मुझे पता चला कि इसमें मेरे सभी पंसदीदा कलाकार है तो मैंने तुरंत इसके लिए हामी भर दी। यह अगले साल यानि की 2019 में रिलीज हो सकती है।'
अपने रोल में फिट बैठने के लिए मनीष कर रहे हैं यह काम
मनीष अपने रोल में फिट बैठने के लिए अभी से जमकर तैयारी कर रहे है। मनीष ने इस वेब सीरीज के लिए डाइट में कार्बोहाइड्रेट छोड़ दिया है। उनका कहना है कि, 'कार्बोहाइड्रेट रहित और शक्कर रहित डाइट पर रहना आसान नहीं है लेकिन मैं यह स्वस्थ और ताजे आहार से शरीर को पोषण देने के मकसद से यह कर रहा हूं।'