मेकर्स ने फैंस को दिया बड़ा सरप्राइज, 3 घंटे पहले ही रिलीज कर दिया 'मिर्जापुर' का दूसरा सीजन

'मिर्जापुर' के मेकर्स ने फैंस की बढ़ती बेताबी को देखते हुए इसका दूसरा सीजन 3 घंटे पहले ही रिलीज कर दिया है।

WrittenBy
By: Ravi Pareek | Published: October 22, 2020 10:13 PM IST

ऐन वक्त पर फैंस को सरप्राइज देते हुए मिर्जापुर के मेकर्स ने सीरीज का दूसरा सीजन रिलीज कर दिया है। इसके साथ ही दो साल से चला आ रहा फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। पहले खबरें थीं कि दूसरा सीजन 23 अक्टूबर से लोगों के सामने होगा लेकिन मेकर्स ने फैंस के जबरदस्त क्रेज को देखते हुए इसे तीन घंटे पहले ही रिलीज कर दिया।

इसे अमेजन प्राइम पर देखा जा सकता है। सीजन के एपिसोड लाइव होते ही सोशल मीडिया पर फैंस एकदम दीवाने हो गए हैं। पूरे भारत में गूगल और ट्विटर पर नंबर एक ट्रेंड मिर्जापुर से जुड़ा हुआ है। दूसरे सीजन में कुल 10 एपिसोड हैं। इनके नाम क्रमश: ढेंकुल, खरगोश, विकलांग कोटा, भयमुक्त, लंगड़ा, अंकुष, उदबिलाव, चौचक, बटरस्कॉच और आखिरी एपिसोड का नाम किंग ऑउफ मिर्जापुर हैं।

इससे पहले सीरीज से जुड़े पोस्टर्स और ट्रेलर्स ने भी फैंस का एक्साइटमेंट काफी ज्यादा कर दिया था। मालूम हो, सीरीज का पहला सीजन 2 साल पहले 2018 में रिलीज किया था। सीरीज काफी हिट हुई थी, जिसके बाद फैंस बेसब्री से दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे थे। अगर स्टार कास्ट की बात करें तो सीरीज में अली फजल (गुड्डू भैया), पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), श्वेता त्रिपाठी (गोलू गुप्ता ), रसिका दुग्गल (बीना भाभी), अंजुम शर्मा (शरद शुक्ला), दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना त्रिपाठी) हैं। सीरीज के दूसरे सीजन में विजय वर्मा ने स्पेशल एंट्री ली है।