'नवाबजादे' के नए गाने 'अम्मा देख' में धर्मेश, राघव और पुनीत संग धमाल मचा रही हैं शक्ति मोहन, देखें वीडियो

'नवाबजादे' का नया गाना 'अम्मा देख' रिलीज हो गया है।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: July 18, 2018 2:24 PM IST

पुराने हिट गानों को रीक्रिएट करने का चलन बढ़ रहा है। इस साल अब तक अपने दौर में धूम मचाने वाले 'एक..दो..तीन' और 'दिलबर' जैसे मशहूर गाने नई धुन में सुनाई दे चुके हैं और अब एक और नया गाना रिलीज हो गया है। जिसकी आत्मा तो पुरानी है, लेकिन ट्रीटमेंट बिल्कुल नया है। डांसिंग सुपरस्टार्स धर्मेश, राघव जुयाल और पुनीत पाठक की अपकमिंग फिल्म 'नवाबजादे' का नया गाना 'अम्मा देख' रिलीज हो गया है। फिल्म में यह गाना 1994 में आई जैकी श्रॉफ की फिल्म 'स्टंटमैन' के इसी नाम से सुपरहिट गाने 'अम्मा देख' का रीक्रिएशन है। गाने को यंगस्टर्स को ध्यान में रखते हुए आज के हिसाब से रीक्रिएट किया गया है। इस गाने में फिल्म के लीड एक्टर्स के साथ ही शक्ति मोहन भी थिरकती हुई नजर आ रही हैं। गाने में शक्ति मोहन के मूव्स देखने लायक हैं।

जैकी श्रॉफ पर फिल्माया गया 'अम्मा देख' अपने दौर का चर्चित गाना है। अब इस गाने को डांस बीट्स के हिसाब से ज्यादा रीक्रिएट किया गया है। इस गाने में शक्ति मोहन के साथ ही धर्मेश, राघव जुयाल और पुनीत पाठक के मूव्स देखने लायक हैं। इससे पहले भी इस फिल्म के लिए गुरू रंधावा के 'हाई रेटेड गबरू' पर वरुण धवन ओर श्रद्धा कपूर थिरकते हुए नजर आ चुके हैं। यह एक प्रमोशनल सॉन्ग था और दोनों स्टार्स को इसी गाने के लिए लिया गया था। फिल्म के गाने जबरदस्त हैं। खासकर डांस के दीवानों के लिए इन तीनों सुपरस्टार्स को एक ही फिल्म में थिरकते हुए देखने सुखद अनुभव जैसा है।

‘नवाबजादे’ अगस्त में रिलीज होनी है। अब तक फिल्म के तीन गाने रिलीज हो चुके हैं। इस फिल्म को रेमो डीसूजा ने प्रोड्यूस किया है और इसकी कहानी भी उन्होंने ही लिखी है जबकि फिल्म का निर्देशन जयेश प्रधान ने किया है। रेमो डिसूजा इससे पहले भी डांस बेस्ड फिल्म ‘एबीसीडी’ और ‘एबीसीडी 2’ बना चुके हैं। डांसिंग स्टार्स से सजी 'नवाबजादे' रेमो की फिल्म ‘एबीसीडी’ की तरह धमाल मचा पाती है या नहीं इसका तो जल्द पता चल जाएगा, लेकिन फिल्म के गाने जरूर धमाल मचा रहे हैं।