बॉलीवुड कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दीकी की नई फिल्म 'मंटो' का इंतजार काफी लम्बे समय से दर्शकों के बीच हो रहा है। इस फिल्म का एक वीडियो कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर आया था, जिसने लोगों के दिलों में तुरंत जगह बना ली थी। इसके बाद से दर्शकों में 'मंटो' के ऑफीशियल ट्रेलर को देखने की बेचैनी साफ देखी जा सकती है।
अगर फिल्म से सामने आ रही ताजा खबर की मानें तो डायरेक्टर नंदिता दास के द्वारा बनाई गई 'मंटो' का ऑफीशियल ट्रेलर कल डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म में नवुजुद्दीन सिद्दीकी ने लेखक सहादत हसन मंटो का किरदार ही निभाया है।
फिल्म 'मंटो' को एच.पी. स्टूडियो, फिल्म्सटॉक और वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स के द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। इस फिल्म में डायरेक्टर नंदिता दास युवाओं के सबसे पसंदीदा लेखक सहादत हसन मंटो की जिंदगी दिखाने की कोशिश करेंगी।
नंदिता दास ने मीडिया को फिल्म के बारे में बताया है, ‘हमारी फिल्म मंटो का ट्रेलर 15 अगस्त के मौके पर रिलीज करने का फैसला वायकॉम 18 का ही है। वो हमारी फिल्म के प्रोड्यूसर्स में एक हैं, जो एच.पी स्टूडियोज के साथ मिलकर फिल्म की मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन देख रहे हैं।’
नंदिता ने 'मंटो' के बारे में बताया है, ‘मंटो अभिव्यक्ति की आजादी के लिए खड़े हुए थे। उनकी निजी जिंदगी और राइटिंग्स में आप यह बात महसूस भी कर सकते हैं। उन्होंने हर तरह की रूढ़िवादी सोच पर वार किया था, जबकि बड़े-बड़े लोग उनके खिलाफ हो गए थे। उन्हें शब्दों की ताकत पर बहुत भरोसा था। उनके जैसे व्यक्ति की जिंदगी कई लोगों को प्रेरणा दे सकती है।’ बता दें फिल्म 'मंटो' में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ-साथ रसिका दुग्गल, ताहिर राज भसीन, ऋषि कपूर और दिव्या दत्ता जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे।