यशराज बैनर की 'धूम' सीरीज न केवल दर्शकों बल्कि बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिल के भी काफी करीब है। इस सीरीज की तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा चुकी हैं और अब बारी चौथी फिल्म की है। 'धूम 4' को लेकर काफी लम्बे समय से चर्चाओं का बाजार गर्म है और रुक-रुक कर किसी न किसी कलाकार का नाम इसके लिए सामने आता रहता है। हाल में सलमान खान, शाहरुख खान, रणवीर सिंह और रणबीर कपूर को लेकर मीडिया में खबरें आई थीं और बताया गया था कि इन में से कोई एक कलाकार अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा को अपने पीछे भगाता दिखेगा।
हालांकि अपनी नई फिल्म 'मनमर्जियां' के प्रमोशन के दौरान अभिषेक बच्चन ने यह बताया है कि मीडिया में 'धूम 4' को लेकर अब तक जो भी खबरें आई हैं, वो सभी अफवाहें हैं। जब तक फिल्म के प्रोड्यूस आदित्य चोपड़ा खुद किसी के नाम पर मुहर नहीं लगा देते हैं तब तक वो भी नहीं बता सकते हैं 'धूम 4' में कौन सा कलाकार चोर के किरदार में दिखाई देगा।
अभिषेक बच्चन काफी लम्बे समय से धूम सीरीज का हिस्सा हैं। वो इस फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाते हैं, जो चोरी करने वाले खलनायक को पकड़कर समाज को उससे निजात दिलाते हैं। बीते दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि यशराज बैनर 'धूम' सीरीज से अभिषेक को ही बाहर का रास्ता दिखाना चाहता है लेकिन बाद में यह खबर भी अफवाह निकली।
आपको बता दें अभिषेक बच्चन लगभग 2 साल के ब्रेक के बाद बॉलीवुड में वापसी कर रहे हैं। उनकी नई फिल्म 'मनमर्जियां' जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी। इसमें अभिषेक बच्चन के साथ-साथ विक्की कौशल और तापसी पन्नू दिखाई देंगी। फिल्म 'मनमर्जियां' का डायरेक्शन अनुराग कश्यप ने किया है।
बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...