Also Read
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी की खबरें पिछले कई दिनों से इंटरनेट पर तैर रही हैं और अब एक और दिलचस्प जानकारी सामने आ रही है। रणवीर सिंह जो कि इन दिनों रोहित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म 'सिम्बा' की शूटिंग निपटाने में मशगूल हैं, अगले महीने अपने दोस्तों के साथ बैचलर ट्रिप प्लान कर रहे हैं। जी हां! हम बिल्कुल सही जानकारी दे रहे हैं। रणवीर के एक नजदीकी सूत्र ने मुंबई मिरर से बातचीत में कहा- 'हमसे जुलाई के आखिरी और अगस्त की शुरुआत में फ्री रहने को कहा गया है। रणवीर अपने दोस्तों के साथ वक्त गुजारना चाहते हैं।'
खैर, रणवीर के प्लान को देखकर अब इतना तो तय है कि वह अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण से इसी साल शादी करने की तैयारी में हैं। रणवीर के व्यक्तित्व को देखकर हम केवल अंदाजा ही लगा सकते हैं कि वह अपनी बैचलर पार्टी में अपने ब्वॉयज गैंग के साथ कितना एडवेंचर करने वाले हैं। शायद, पर्दे पर 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' फिल्म की तरह असल जिंदगी में रणवीर अपनी गैंग के साथ ऐसा ही कुछ प्लान कर रहे हों। रणवीर अपने बैचलर टैग को खोने से पहले अपनी ट्रिप को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो दीपिका और रणवीर 10 नवंबर को शादी कर सकते हैं। हालांकि, अभी इस पावरफुल कपल की वेडिंग डेस्टिनेशन को लेकर कुछ भी साफ नहीं है। इस तरह की खबरें भी इस बीच आई हैं कि रणवीर और दीपिका पादुकोण इटली या फिर स्विट्जरलैंड में डेस्टिनेशन वेडिंग कर सकते हैं, जबकि बंगलुरु में ग्रैंड रिसेप्शन भी होना है। दिलचस्प बात यह है कि अभी तक न तो रणवीर सिंह और ना ही दीपिका पादुकोण ने ही अपनी शादी की खबरों को लेकर कुछ कहा है।
हालांकि, जब दीपिका से उनकी सीक्रेट इंगेजमेंट को लेकर हाल ही में पूछा गया था, तब उन्होंने ऐसी खबरों का खंडन करने के बजाय कहा था- 'मैंने इसे अलग रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन मैंने कभी भी अफवाहों से लड़ने या उन्हें काबू में करने की कोशिश नहीं की।' आखिरी दफा दीपिका को एयरपोर्ट पर ही स्पॉट किया गया था। इसके अलावा वह ज्वेलरी शोरूम में भी स्पॉट की गई हैं, जो उनकी शादी की खबरों पर पक्की मुहर ही लगा रहा है।