बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री प्रियंका चोपड़ा के कमबैक के बेसब्री से इंतजार कर रही है तो वहीं उनके फैंस भी हिंदी फिल्मों में उनके जादुई करिश्मे को देखने के लिए बेकरार हैं। हालांकि प्रियंका सलमान खान की फिल्म 'भारत' को बाय-बाय कर चुकी हैं और इसके उलट फरहान अख्तर के साथ 'स्काई इज पिंक' (तात्कालिक नाम) की शूटिंग शुरू कर चुकी हैं लेकिन इसके अलावा 'मैरी कॉम' स्टार विशाल भारद्वाज के साथ भी एक और फिल्म करने जा रही है।
ये बात खुद निर्माता-निर्देशक विशाल भारद्वाज ने बताई है। डायरेक्टर ने बताया है कि पीसी उनकी अगली फिल्म में काम करने की इच्छुक हैं और दोनों इस बारे में बात कर रहे हैं और इतना ही नहीं ये फिल्म अगले साल तक शुरू भी हो जाएगी। है न मजेदार खबर। न्यूज पोर्ट्ल डीएनए की रिपोर्ट के मुताबिक विशाल भारद्वाज ने कहा, 'प्रियंका भी मेरे साथ काम करना चाहती हैं और हम एक दूसरे के साथ काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि हम अगले साल तक ये फिल्म शुरू कर देंगे।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म शेक्सपियर के कॉमेडी नॉवेल ट्वेल्फ्थ नाइट पर बेस्ड होगी। विशाल इससे पहले भी 'क्वांटिको' स्टार के साथ काम करने की इच्छा जता चुके हैं। प्रियंका और विशाल इससे पहले 'कमीने' और '7 खून माफ' जैसी सुपरहिट फिल्में इंडस्ट्री को दे चुके हैं। ऐसे में इन दोनों का एक साथ फिर किसी प्रोजेक्ट के लिए साथ आना दिलचस्प होने वाला है।
वैसे, विशाल इरफान खान के साथ भी एक फिल्म करने वाले थे, जिसे उनकी बीमारी के चलते फिलहाल रोक दिया गया है। इन दिनों वो अपनी दो बहनों के प्यार और झगड़े के ईर्द-गिर्द बुनी कहानी 'पटाखा' के प्रमोशन में बिजी हैं और ये फिल्म अगले महीने 28 सितंबर को रिलीज होनी है।
Subscribe Now
Enroll for our free updates