बॉलीवुड निर्देशक विशाल भारद्वाज जब भी अपनी नई फिल्म के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देते हैं, दर्शकों को अंदर जबरदस्त उत्साह पैदा हो जाता है। सालों की कड़ी मेहनत के बाद विशाल भारद्वाज ने सिनेमाप्रेमियों के बीच ऐसी विश्वसनीयता बना ली है कि हर कोई उन पर आंखें मूंद कर भरोसा करता है। हालांकि कई बार वो भी एक अच्छी कहानी परोसने से चूक जाते हैं, जैसा कि ‘रंगून’ के वक्त हुआ था लेकिन यह तो हर निर्देशक के साथ होता है। ‘रंगून’ की वजह से विशाल भारद्वाज के फैंस ने उनसे अच्छी कहानी की उम्मीद लगाना बंद नहीं किया है।
आज सिनेमाघरों में विशाल भारद्वाज की नई फिल्म 'पटाखा' रिलीज हुई। इस फिल्म ने अपने ट्रेलर से ही दर्शकों से यह वादा कर दिया था कि उनके सामने एकदम देसी कहानी आने जा रही है। तो फिर देर किस बात की.. आइये जानते हैं कि कैसी है आज रिलीज हुई सान्या मल्होत्रा, राधिका मदान, विजय राज और सुनील ग्रोवर की ‘पटाखा’....
TRENDING NOW
फिल्म की कहानी:
जैसा कि आप फिल्म ‘पटाखा’ के ट्रेलर में देख चुके हैं कि यह दो बहनों (सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान) की कहानी है, जो आपस में हमेशा लड़ती रहती हैं। इन सगी बहनों के बीच भारत-पाकिस्तान वाला रिश्ता है और दोनों हमेशा एक-दूसरे टांग खींचने में लगी रहती हैं। अगर छोटी बहन का बॉयफ्रेंड है तो बड़ी भी मेले में किसी का हाथ थाम लेती है और अगर बड़ी अपने आप को खूबसूरत बनाने की कोशिश करती है तो छोटी सबकी आंखों का तारा बनने की जद्दोजहद में लग जाती है।
दोनों की इन बचकानी लड़ाइयों में बड़ा मोड़ तब आता है जब इनके पिता (विजय राज) को अपना व्यापार बचाने के लिए चार लाख रुपये की घूस देने पड़ती है। पिता के सामने कोई चारा नहीं बचता है तो वो अपनी एक बेटी की शादी विधवा पुरूष के साथ तय कर देता है। इसके बाद दोनों बहनें अपने-अपने बॉयफ्रेंड्स के साथ घर से भाग जाती हैं लेकिन असली परेशानी तब आती है जब दोनों भागकर एक ही घर में पहुंच जाती हैं। इसके बाद फिल्म में क्या होता है, यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी पड़ेगी।
फिल्म की खास बातें:
बॉलीवुड में एक समय ऐसा था जब निर्माता-निर्देशक भाई-बहनों के रिश्तों में प्यार का ओवरडोज परोसते नहीं थकते थे लेकिन बदलते सिनेमा के साथ कहानीकारों की सोच में भी बदलाव आया है। विशाल भारद्वाज की ‘पटाखा’ उसी बदली हुई सोच का नतीजा है।
फिल्म ‘पटाखा’ में दो बहनों की ऐसी नफरत देखने को मिलती है, जो दर्शकों को तुरंत बांध लेती है। सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान इस फिल्म की असली हीरो हैं। दोनों की लड़ाई फिल्म के पहले फ्रेम से शुरू होती है और क्रेडिट सीन तक चलती ही रहती है।
‘पटाखा’ से पहले आमिर खान के साथ ‘दंगल’ जैसी फिल्म कर चुकी सान्या मल्होत्रा अपने किरदार को खूबसूरती से निभाती हैं। कॉमेडी हो या फिर कोई भावुक सीन; सान्या मल्होत्रा हर फ्रेम में प्रभावित करती हैं। इसके दूसरी तरफ राधिका मदान फाइट सीन्स में सान्या पर भारी पड़ती दिखती हैं। राधिका मदान ने अपनी गजब की अदाकारी से लोगों का खूब मनोरंजन किया है। अगर बात सुनील ग्रोवर की करें तो वो इस फिल्म के असली स्टार हैं। सुनील फिल्म के नारदमुनी हैं जो दोनों बहनों में खूब आग लगाते हैं।
फिल्म का पहला भाग अगर सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान के कंधों पर टिका हुआ है तो दूसरा भाग पूरी तरह से सुनील ग्रोवर ने अपनी पीठ पर ढोया है। एक परेशान पिता के रूप में विजय राज ने भी कमाल का काम किया है। विशाल भारद्वाज ने राजस्थान के रंगों को फिल्म में बखूबी दिखाया है। फिल्म का म्यूजिक भी राजस्थानी ही रखा गया है, ताकि दर्शकों को कहानी का असली फ्लेवर मिल सके।
फिल्म की नकारात्मक बातें:
फिल्म का पहला भाग अगर एक्शन, ड्रामा और हंसी-मजाक से भरा हुआ है तो वहीं दूसरा भाग थोड़ा सा बोझिल है। विशाल भारद्वाज ने फिल्म के दूसरे भाग में कई सारे ट्विस्ट रखे हैं और इन ट्विस्ट्स को दर्शकों के सामने ठीक से परोसने में उन्होंने काफी वक्त लिया है। हालांकि विशाल भारद्वाज की इसलिए भी तारीफ करनी चाहिए कि उन्होंने बात को बहुत ज्यादा बिगड़ने नहीं दिया है।
अगर फिल्म की सबसे कमजोर कड़ी की बात की जाए तो वो इसका अंत है। फिल्म के दौरान आपको कहीं न कहीं अंदाजा लग जाता है कि विशाल भारद्वाज की फिल्म ऐसे खत्म होने वाली है। इसके साथ-साथ पहले भाग में एक जगह सान्या मल्होत्रा राजस्थानी की जगह सामान्य हिन्दी बोलने लगती हैं, जो दर्शकों को अखरता है।
आखिरी फैसला:
विशाल भारद्वाज की ‘पटाखा’ एक जबरदस्त देसी फिल्म है, जो सिनेमाघर में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करती है। सान्या मल्होत्रा, राधिका मदान, सुनील ग्रोवर और विजय राज की दमदार अदाकारी आपका मन मोह लेती है। बॉलीवुड लाइफ हिन्दी के अनुसार आपको फिल्म ‘पटाखा’ का टिकिट तुरंत खरीदना चाहिए। हम अपनी ओर से फिल्म को 4 स्टार देना चाहते हैं।
बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
Subscribe Now
Enroll for our free updates