निर्देशक विशाल भारद्वाज की नई फिल्म 'पटाखा' का इंतजार हर किसी को है। फिल्म के ट्रेलर को लोगों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और इन दिनों इस फिल्म के पहले गाने एक तेरो बलमा भी म्यूजिक चार्ट्स में अपने जलवे बिखेर रहा है। दो बहनों की जिंदगी के इर्द गिर्द घूमती ये फिल्म मशहूर शॉर्ट फिल्म दो बहनें से प्रेरित है। इस फिल्म में सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान मुख्य भूमिका निभा रही है।
बीते दिनों खबर आई थी कि इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड की हसीन अदाकारा मलाइका अरोड़ा भी धमाकेदार कमबैक करने के लिए तैयार है। बता दें कि मलाइका को आखिरी बार फिल्म डॉली की डोली के एक आइटम सॉन्ग में देखा गया था। मलाइका ने छैय्या छैय्या से लेकर सलमान खान की फिल्म दबंग में मुन्नी बनकर लाखों करोड़ों दिलों पर बिजलियां गिरा चुकी है।
बात की जाए फिल्म 'पटाखा' की तो इस फिल्म के आइटम सॉन्ग हैलो हैलो के जरिए एक बार फिर से मलाइका अपनी अदाओं के जलवे बिखेरने वाली हैं। मलाइका ने इस गाने के पहले लुक को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है और सामने आई तस्वीर में मलाइका काले रंग के घाघरा चोली में दिख रही है। इस तस्वीर को साझा करते हुए मलाइका ने कैप्शन में हैला हैलो लिखा है। नीचे देखें मलाइका द्वारा साझा किए गए इस गाने के पहले लुक को...
बात की जाए इस फिल्म के दूसरे गाने की तो इसे रेखा भारद्वाज ने अपनी आवाज से सजाया है। इस गाने को लेकर हाल ही में मलाइका ने एक अखबार को दिए गए इंटरव्यू में कहा था कि मैं इस ट्रैक का हिस्सा बनकर खुश हूं। मुझे फिल्म के नाम के साथ-साथ इस गाने का टाइटल पसंद आया।
बता दें कि इस धमाकेदार गाने को गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किया है और कुछ दिन पहले ही इस गाने की शूटिंग को पूरा किया गया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक इस गाने में मलाइका 18 से 20 डांसर्स के साथ अपने डांस मूव्स से फैंस को घायल करने की तैयारी में है। फिल्म पटाखा 28 सितम्बर, 2018 को सिनेमाघरों में दस्तख देने के लिए तैयार है। फिलहाल तो आप कमेंटबॉक्स में बताए कि आप फिल्म के दूसरे गाने को देखने के लिए कितने उत्सुक है?
Subscribe Now
Enroll for our free updates