इमरजेंसी की 43वीं बरसी पर पीएम ने मुंबई के बिरला मटूश्री ऑडिटोरियम से पार्टी मेंबर्स को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने न केवल कांग्रेस पर जमकर हल्ला बोला बल्कि इमरजेंसी के दौरान सिनेमा जगत को हुई तकलीफों का जिक्र करना भी वह नहीं भूले। पीएम ने अपने भाषण के दौरान कहा कि किशोर कुमार को रेडियो पर सिर्फ इसलिए बैन कर दिया गया था, क्योंकि उन्होंने उनके (कांग्रेस) लिए परफॉर्म करने से मना कर दिया था।
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा- '..कोई मुझे बताए कि किशोर कुमार का क्या गुनाह था? किशोर कुमार फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर पार्श्व गायक थे। उस समय कांग्रेस ने कहा कि हमारे यहां गाने-बजाने आ जाओ। उन्होंने मना कर दिया। कांग्रेस ने सब जगह उनके गाने बैन करवा दिए। 'आंधी' फिल्म को भी बैन कर दिया।'
When Kishore Kumar ji refused to sing for them, his songs and films were not allowed to be broadcast or played on the radio: PM Narendra Modi on emergency pic.twitter.com/ckyleEqXxG
— ANI (@ANI) June 26, 2018
कुछ ऐसा है किस्सा
बता दें कि इमरजेंसी के दौरान की यह घटना काफी चर्चित है। तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार में तब सूचना एवं प्रसारण मंत्री वीसी शुक्ला ने किशोर कुमार के गानों के आॅल इंडिया रेडियो पर प्रसारण पर रोक लगा दी थी। वीसी शुक्ला संजय गांधी के करीबी माने जाते थे और कहा जाता है कि ऐसा उनके ही इशारे पर हुआ था। दरअसल, किशोर कुमार को कांग्रेस के लिए मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए कहा गया था, लेकिन किशोर कुमार ने ऐसा करने से मना कर दिया था।
इसके बाद इमरजेंसी खत्म होने तक यानी कि 4 मई 1974 तक उनके गानें दूरदर्शन और आॅल इंडिया रेडियो पर प्रसारित नहीं हो सके थे। इमरजेंसी के दौरान 'आंधी' और 'किस्सा कुर्सी का' जैसी फिल्में भी बैन कर दी गई थी। हालांकि, बाद में सरकार बदलने के बाद 1977 में गुलजार की फिल्म 'आंधी' रिलीज हो सकी थी।
Subscribe Now
Enroll for our free updates