पीएम मोदी ने आशा भोंसले के लिए मांगी दुआ
सुरों की मल्लिका आशा भोंसले की तबीयत बिगड़ने की खबर ने पूरे देश को मायूस कर दिया है. 92 साल की दिग्गज गायिका को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस खबर पर अपनी फिक्र जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आशा ताई की अस्वस्थता की खबर सुनकर उन्हें काफी चिंता हुई है और वे उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं.
Deeply concerned to hear that Asha Bhosle Ji has been admitted to hospital. Praying for her good health and a speedy recovery.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 12, 2026
आशा भोंसले की पोती जनाई भोंसले ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ बताया है कि दादी को कार्डियक अरेस्ट नहीं आया है, बल्कि बहुत थकान और सीने में इन्फेक्शन (चेस्ट इन्फेक्शन) की वजह से उन्हें भर्ती कराया गया है. फिलहाल, परिवार ने फैंस से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और इलाज का उन पर पाॅजिटिव असर हो रहा है. सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारे उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआएं मांग रहे हैं.
भारतीय संगीत जगत में आशा भोंसले एक ऐसा नाम है, जो किसी परिचय का मोहताज नहीं है. आठ दशकों से भी अधिक समय तक उन्होंने अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज किया है. उनका करियर और उनका काम इतना बड़ा है कि इसे शब्दों में बताना मुश्किल है. अपने लंबे सफर में उन्होंने लगभग 12 हजार से भी ज्यादा गाने गाए हैं.
आशा ताई ने 'पिया तू अब तो आजा' और 'दम मारो दम' जैसे गानों से लेकर 'इन आंखों की मस्ती के' और 'दिल चीज क्या है' जैसी गजलों तक, हर जाॅनर में खुद को बेस्ट साबित किया है. चाहे पॉप हो, भजन हो, शास्त्रीय संगीत हो या बॉलीवुड के सुपरहिट नंबर, उन्होंने हर जाॅनर में अपनी अलग पहचान बनाई. ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन से लेकर ए.आर. रहमान जैसे दिग्गजों के साथ उनकी जोड़ी बहुत हिट रही.
उनकी इस कला का सम्मान पूरी दुनिया ने किया है. उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक 'पद्म विभूषण' से नवाजा गया है. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया में सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाली कलाकार के रूप में उनका नाम दर्ज होना उनकी कला को दिखाता है. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.