सोशल मीडिया सेंसेशन प्रिया प्रकाश वारियर लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। रातों-रात अपनी अपकमिंग फिल्म के एक वीडियो की क्लिप से चर्चाओं में आई प्रिया वारियर ने गूगल सर्च पर सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली वाली एक्ट्रेस सनी लियोनी, आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण और कैटरीना कैफ जैसी बड़ी एक्ट्रेस को पछाड़ दिया है। प्रिया गूगल पर सर्च के मामले में नंबर 1 हो गई हैं।
प्रिया प्रकाश के नए वीडियो को देखने के लिए करोड़ों लोगों ने प्रिया को गूगल पर सर्च किया, जिसके कारण बॉलीवुड के बड़े सितारों के सर्चिंग रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। इतना ही नहीं प्रिया प्रकाश को इंस्टाग्राम पर एक दिन में 6 लाख से भी ज्यादा लोगों ने फॉलो किया है। अपनी एक वीडियो क्लिप से ही प्रिया इंटरनेट पर लोकप्रियता के मामले में कैटरीना कैफ और सनी लियोनी के बरक्स आकर खड़ी हो गई हैं।
सोशल मीडिया के जरिए रातों-रात स्टार बनी प्रिया केरल के त्रिसूर शहर की रहने वाली हैं। अपनी अपकमिंग मलयालम फिल्म में प्रिया के गाने की एक क्लिप वायरल हो गई थी। इस वीडियो में एक स्कूल की लड़की अपने बैचमेट से मिले प्रेम के प्रस्ताव पर आंख मारकर सहमति जता रही है। इसके बाद लड़के और लड़की दोनों के रिएक्शन देखने वाले हैं। दोनों की इन्हीं मासूम अदाओं ने लोगों को भी अपना दीवाना बना दिया है और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। ये क्लिप मलयालम फिल्म ‘उरु आदर लव’ के गाने ‘मानिक्य मलाराया पूवी’ से ली गई है। प्रिया की ये डेब्यू फिल्म है। यह फिल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीनएजर्स की कहानी कहती है फिल्म
फिल्म की कहानी टीन एजर्स के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसे में जाहिर है कि डायरेक्टर ने इस कहानी में पहले प्यार का अहसास दर्शकों को करवाने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। फिल्म का ये गाना इतनी खूबसूरती से शूट किया गया है कि ये आपको अपने स्कूल के दिनों में वापस ले जाएगा। एक और दिलचस्प बात ये है कि मलयालम में गाना होने के बावजूद भी ये हिंदी भाषी दर्शकों को लुभा रहा है।
लाखों ने किया शेयर यूट्यूब पर भी मचा रहा धूम
फेसबुक पर इस गाने की क्लिप को तो लाखों लोग अब तक शेयर कर ही चुके हैं, लेकिन यूट्यूब पर भी गाना धूम मचा रहा है। 9 फरवरी को यूट्यूब पर अपलोड़ किए गए इस गाने को अब तक 50 लाख से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं। खैर, जिस तरह से यह वीडियो लोगों के दिलों में उतर गया है इससे ये उम्मीद तो की ही जा सकती है कि फिल्म भी लोगों को लुभा सकेगी।
Subscribe Now
Enroll for our free updates