बीते दिन (14 फरवरी) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 से ज्यादा सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए और कई के घायल होने की खबरें सामने आई हैं। पिछले कुछ सालों में आतंकवादियों द्वारा किया गया ये सबसे बड़ा हमला है, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। दुख की इस घड़ी में राजनीतिक पार्टियों से लेकर सिनेमाजगत तक सभी शहीदों के घरवालों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
हमले की खबर सुनते ही बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के लगभग सभी कलाकारों ने ट्वीट करके इसकी कड़ी निंदा की और शहीदों की आत्मा की शांति प्रार्थना की। अगर इंडस्ट्री से सामने आ रही ताजा रिपोर्ट की मानें तो अदाकारा कंगना रनौत ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'मणिकर्णिका' की सक्सेस पार्टी को कैंसिल कर दिया है और शहीद सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजली दी है।
कंगना रनौत ने बयान में कहा है, ‘पाकिस्तान ने केवल हमारी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं किया है बल्कि हमारी गरिमा को भी ललकारा है। हमें जल्द से जल्द कोई बड़ा एक्शन लेना होगा वरना हमारी खामोशी को हमारी कायरता समझ लिया जाएगा। आज भारत लहूलुहान है...’
जब कंगना रनौत से शबाना आजमी और जावेद अख्तर द्वारा कैंसिल किए गए कराची इवेंट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया, ‘शबाना आजमी जैसे लोग ही पाकिस्तानी कलाकारों को भारत में काम करने की इजाजत देने के पक्ष में खड़े होते हैं। यही वो लोग हैं जो भारत तेरे टुकड़े होंगे गैंग्स को प्रमोट करते हैं। ये लोग अब अपना चेहरा छुपाने का काम कर रहे हैं।’
कंगना रनौत ने इंडस्ट्री को भी आड़े हाथों लिया और कहा ‘फिल्म इंडस्ट्री एंटीनेशनल्स से भरी पड़ी है। ये लोग विरोधियों का मनोबल ऊंचा करने का काम करते हैं... हालांकि अभी हमारा फोकस पाकिस्तानी कलाकारों के बैन पर नहीं बल्कि पाकिस्तान को सबक सिखाने पर होना चाहिए।’ बता दें कंगना रनौत फिल्म 'मणिकर्णिका' में रानी लक्ष्मीबाई के किरदार में नजर आ रही हैं।
बॉलीवुड और टीवी जगत की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
बॉलीवुड लाइफ हिन्दी के फेसबुक पेज, ट्विटर पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें...