राजकुमार हिरानी अपने अलग क्राफ्ट और फैमिली एंटरटेनिंग फिल्मों में लिए मशहूर हैं। उनकी फिल्मों में गंभीर मुद्दे भी नजर आते हैं, बावजूद इसके आॅडियंस बोर नहीं होती। अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'संजू' में भी राजकुमार हिरानी ने अपनी फिल्ममेकिंग की शैली को अपनी पुरानी फिल्मों की ही तरह 'एज इट इज' कैरी किया है। उनकी पिछली फिल्मों की ही तरह 'संजू' में भी इमोशनल दृश्यों की भरमार है, तो ऐसे सींस की भी कमी नहीं जब दर्शक खिलखिला कर हंस सकें। रणबीर कपूर के साथ अपने इंटरेक्शन के दौरान राजकुमार हिरानी ने अपने फेवरेट सीन के बारे में बताया है। आपको हैरानी होगी कि गुदगुदाने वाली फिल्मों के मास्टर राजकुमार हिरानी को दरअसल 'संजू' के दो सबसे भावुक सीन पसंद हैं।
राजकुमार हिरानी से जब रणबीर ने पूछा कि ऐसे कौन से सीन थे, जिन्हें देखकर आपको लगा कि यह इन्क्रेडिबल है। इस पर राजू हिरानी ने कहा कि ऐसे कई सीन हैं, लेकिन उन्हें फादर-सन बॉडिंग और खासकर जब फिल्म में सुनील दत्त की डेथ होती है, वह सीन उनके दिल के बेहद करीब है। इस वीडियो में राजकुमार हिरानी ने फिल्म की जर्नी को भी बताया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को कई ढंग से बनाया जा सकता था। संजय दत्त की जिंदगी से हर कोई वाकिफ है, लेकिन वह उस दौरान संजय दत्त की मनस्थिति और घर के भीतर या फिर उस दौरान संजू की फैमिली पर क्या गुजर रही थी या उनके दोस्त क्या सोच रहे थे, इसी के इर्द-गिर्द फिल्म को रखना चाहते थे।
फॉक्स स्टार के फेसबुक अकाउंट पर राजकुमार हिरानी और रणबीर कपूर की बातचीत का यह वीडियो जारी किया गया है। यह दूसरा वीडियो है। इससे पहले के वीडियो का अंत उस जगह हो गया था जहां रणबीर राजकुमार हिरानी से पूछते हैं कि आपने आमिर खान और संजय दत्त के साथ दो-दो फिल्में की हैं, मेरे साथ एक ही फिल्म की है...आगे तो काम करेंगे न। इस पर राजकुमार हिरानी ना कह देते हैं। अब इस नए वीडियो में राजकुमार हिरानी ने रणबीर के इस सवाल का जवाब भी दिया है।
रणबीर के इस सवाल को पूछने पर पहले तो राजकुमार हिरानी हंसने लगते हैं और फिर कहते हैं उन्हें नहीं लगता कि वह रणबीर के साथ दो फिल्में बनाएंगे, बल्कि वह कम से कम पांच फिल्में बनाएंगे। खैर, ऐसा होता है तो यह न केवल रणबीर के लिए दिलचस्प होगा बल्कि आॅडियंस को भी इस डेडली कॉम्बो की चार और मजेदार फिल्में देखने को मिलेंगी।