लगभग दो महीने पहले बॉलीवुड लाइफ हिन्दी ने आपको यह जानकारी दी थी कि कलाकार शाहिद कपूर बहुत ही जल्द डायरेक्टर इम्तियाज अली के साथ हाथ मिलाने वाले हैं। दोनों ने साथ में 'जब वी मेट' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी थी, जिसके बाद इन्होंने दोबारा कभी काम नहीं किया। हालांकि अगर बॉलीवुड के गलियारों से सामने आ रहीं ताजा खबरों की मानें तो दर्शकों को इस डायरेक्टर-एक्टर की जोड़ी को दोबारा साथ देखने के लिए कुछ दिन का इंतजार और करना होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शाहिद कपूर ने कुछ कारणों के चलते इम्तियाज अली की नई फिल्म से किनारा करने का फैसला लिया है। शाहिद कपूर के इस फैसले से दोनों के रिश्तों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा है। दोनों ने भविष्य में साथ काम करने की उम्मीद जताई है।
बता दें कि इम्तियाज अली का यह नया प्रोजेक्ट दो हीरो का था, जिसमें मुख्य किरदार शाहिद कपूर और दूसरा किरदार राजकुमार राव निभाने वाले थे। अब क्योंकि शाहिद कपूर ने फिल्म से किनारा कर लिया है तो बताया जा रहा है कि राजकुमार राव, शाहिद कपूर वाला किरदार निभायेंगे। इम्तियाज अली इस समय राजकुमार राव के किरदार के लिए कलाकार की तलाश कर रहे हैं। सुनने में यह भी आ रहा है कि इम्तियाज अली अब अपनी स्क्रिप्ट में कुछ बदलाव करेंगे ताकि फिल्म का किरदार राजकुमार राव की पर्सनालिटी पर सूट करे।
अगर राजकुमार राव की आने वाली फिल्मों की बात की जाए तो वो जल्द ही 'मेंटल है क्या', 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' और 'फन्ने खां' जैसी फिल्मों में दिखाई देंगे। इसके दूसरी तरफ शाहिद कपूर इस समय श्रीनारायण सिंह की 'बत्ती गुल मीटर चालू' में व्यस्त हैं और बहुत ही जल्द तेलुगु ब्लॉकबस्टर 'अर्जुन रेड्डी' की शूटिंग शुरू करेंगे।
बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...