ऐश्वर्य राय के साथ काम कर खुश हैं राजकुमार राव, कहा अच्छी फिल्म बनी है 'फन्ने खां'

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव कहना है कि उन्हें अनिल कपूर और ऐश्वर्य राय बच्चन के साथ काम करने में मजा आया।

WrittenBy
By: IANS | Published: May 29, 2018 8:28 PM IST

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव अपनी अपकमिंग फिल्म 'फन्ने खां' को लेकर खुश हैं और उनका कहना है कि उन्हें अनिल कपूर और ऐश्वर्य राय बच्चन के साथ काम करने में मजा आया। राजकुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ''फन्ने खां' काफी अच्छी बनी है। मैं फिल्म से बहुत खुश हूं।' ये एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है जिसका निर्माण राकेश ओम प्रकाश मेहरा कर रहे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे पिता के इर्द-गिर्द घूमती है जिसमें वह अपनी बेटी को कंप्टीशन में जिताने के लिए फेमस गायकों की किडनैपिंग करने लगता है।

उन्होंने कहा ऐश्वर्य और अनिल सर के साथ काम का अनुभव शानदार रहा। 'फन्ने खां' डच फिल्म 'एवरीबडीज फेमस' का हिंदी रूपांतरण है। राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्मित और अतुल मांजरेकर द्वारा निर्देशित फिल्म जून में रिलीज होगी। राजकुमार हॉरर कॉमेडी 'स्त्री', 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' और 'मेंटल है क्या' में भी दिखाई देंगे। इन दिनों राजकुमार राव 'मेंटल है क्या' की शूटिंग में मशगूल हैं। इस फिल्म में उनके अपोजिट कंगना रनौट नजर आएंगी। फिल्म के कई पोस्टर हाल ही में रिलीज किए गए थे, जो अपने आप में बेहद अलग और दिलचस्प लग रहे हैं।

वर्ष 2010 में 'लव सेक्स और धोखा' के साथ फिल्म उद्योग में कदम रखने के बाद उन्होंने 'शहीद', 'अलीगढ़', 'सिटीलाइट्स', 'बरेली की बर्फी' और 'न्यूटन' जैसी फिल्मों में सशक्त भूमिकाएं निभाकर बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई। राजकुमार राव का नाम इस वक्त बॉलीवुड के टैंलेंटेड एक्टर्स में शुमार है। राजकुमार राव की हालिया रिलीज फिल्म 'ओमेर्टा' में उनके किरदार के लिए उन्हें काफी तारीफें भी मिली हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव ने एक आतंकी का किरदार निभाया था।