अपनी बेमिसाल कॉमिक टाइमिंग से करोड़ों चेहरों पर हंसी लाने वाले राजपाल यादव आज खुद एक ऐसे अंधेरे मोड़ पर खड़े हैं, जहां से निकलने का रास्ता बेहद कठीन है. हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब राजपाल यादव कानूनी पचडे़ में फंसे हों, जेल की सलाखों से उनका रिश्ता पुराना रहा है. राजपाल यादव के लिए सबसे बड़ा संकट उनकी खुद की वजह से शुरु हुआ है. साल 2010-11 के दौरान उन्होंने बतौर निर्देशक और निर्माता अपनी किस्मत आजमाने की सोची और फिल्म बनाई 'अता पता लापता'.
5 करोड़ का लिया था कर्ज
इस फिल्म के प्रोडक्शन के लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. लोन न चुका पाने की वजह से साल 2018 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें 3 महीने की सजा सुनाई. उन दिनों राजपाल यादव को एशिया की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली तिहाड़ जेल में दिन गुजारने पड़े थे. इससे पहले साल 2013 में भी उन पर कोर्ट को गुमराह करने और गलत एफिडेविट देने का आरोप लगा था, जिसके कारण उन्हें 4 दिन जेल में रहना पड़ा था.
पुश्तैनी जायदाद पर लगा बैंक का ताला
कर्ज का यह जाल सिर्फ एक फिल्म तक नहीं रहा. राजपाल यादव ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से भी भारी कर्ज लिया था. जब वह किस्तें चुकाने में नाकाम रहे, तो बैंक ने कड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में स्थित उनकी पुश्तैनी संपत्ति को कुर्क कर लिया. साल 2024 की रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैंक की कार्रवाई इतनी अचानक और तेज थी कि घर के बिजली से चलने वाली चीजों को बंद करने का समय नहीं मिला. स्थानीय लोगों के अनुसार, बैंक के अधिकारी काफी जल्दी में थे और उन्होंने घर पर ताला लगा दिया.
राजपाल यादव के पास नहीं थे पैसे
दिल्ली हाईकोर्ट के सामने समर्पण करते समय राजपाल यादव के शब्दों में लाचारी साफ झलक रही थी. उन्होंने अदालत से गुहार लगाते हुए कहा था कि उनके पास अब और कोई रास्ता नहीं बचा है और न ही पैसे हैं. कर्ज की भारी किस्तों और कानूनी पचड़ों ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है. मुश्किल की इस घड़ी में राजपाल यादव अकेले नहीं हैं. बॉलीवुड एक्टर सलमान खान और अजय देवगन उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. फिल्म इंडस्ट्री के कई अन्य सितारे भी उनके कर्ज को चुकाने और उन्हें दोबारा पैरों पर खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.
Subscribe Now
Enroll for our free updates