इस मंदिर में पश्चाताप करेंगे रणवीर सिंह
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह आज सफलता के सातवें आसमान पर हैं. उनकी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने 1700 करोड़ की कमाई कर इतिहास रच दिया है, लेकिन पिछले साल नवंबर से शुरू हुआ एक धार्मिक विवाद अभी तक रुकने का नाम नहीं ले रहा है. यह मामला ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा' और उससे जुड़ी धार्मिक आस्था के अपमान से जुड़ा है, जिसकी सुनवाई अब कर्नाटक हाई कोर्ट में हो रही है.
विवाद की जड़ नवंबर 2025 में गोवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के मंच पर है. वहां रणवीर सिंह ने 'कांतारा: चैप्टर 1' में ऋषभ शेट्टी द्वारा निभाए गए दैव के किरदार की मिमिक्री की थी. बता दें कि दक्षिण भारत में यह किरदार केवल एक फिल्मी रोल नहीं, बल्कि गहरी धार्मिक आस्था का प्रतीक है. उस दौरान ऋषभ शेट्टी ने मंच पर ही रणवीर को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन जोश में डूबे रणवीर ने उस एक्ट को दोबारा दोहराया. इसी बात ने कर्नाटक के लोगों और भक्तों की भावनाओं को आहत कर दिया, जिसके बाद एक्टर के खिलाफ केस दर्ज हुआ.
विवाद बढ़ने पर रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी थी, लेकिन शिकायतकर्ता प्रशांत मैथल इसे मानने को तैयार नहीं थे. उनका तर्क था कि रणवीर का पुराना एफिडेविट केवल एक फॉर्मेलिटी थी और उसमें पछतावे की कोई ईमानदारी नहीं दिखी. इसी वजह से मामला कोर्ट पहुंचा. 10 अप्रैल को कर्नाटक हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान रणवीर के वकील साजन पुवैया ने स्पष्ट किया कि एक्टर को अपनी करनी पर गहरा दुख है. वकील ने न्यायाधीश एम. नागाप्रसन्ना को बताया कि रणवीर को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनकी एक छोटी सी हरकत किसी की आस्था को इतनी गहरी चोट पहुंचाएगी.
अब रणवीर एक नया एफिडेविट दाखिल करेंगे, जिसके शब्दों को शिकायतकर्ता की सहमति से और अधिक प्रभावशाली बनाया जाएगा. रणवीर सिंह ने केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कर्मों से भी माफी मांगने का प्रस्ताव रखा है. अपने नए माफीनामे में उन्होंने इच्छा व्यक्त की है कि वे मैसूर के ऐतिहासिक और जागृत चामुंडी देवी मंदिर जाएंगे. वहां दर्शन कर वे सार्वजनिक रूप से अपने कृत्य का पश्चाताप करना चाहते हैं. कोर्ट ने रणवीर के इस सकारात्मक रुख को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 23 अप्रैल तक के लिए टाल दी है.
फिल्म जगत में चर्चा है कि रणवीर की फिल्म 'धुरंधर' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बीच यह विवाद उनके लिए एक बड़ा सबक है. दक्षिण भारतीय सिनेमा और वहां की संस्कृति के प्रति जागरुकता आज के दौर में बेहद जरूरी है. रणवीर का मंदिर जाकर माफी मांगने का फैसला उनकी इमेज को सुधारेगा. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.