अभिनेत्री रीता भादुड़ी के आकस्मिक निधन से न केवल फैंस बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में भी उनके करीबियों को झटका लगा है। रीता पिछले 10 दिनों से सुजय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थी। खबरों के मुताबिक एक साल पहले उनकी किडनी कमजोर होने की बात सामने आई थी और इसके बाद से ही उन्हें दिक्कतें हो रही थी। मुंबई में मंगलवार सुबह लगभग 62 साल की उम्र में सुबह 8:30 बजे इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। रीता के निधन पर फैंस और इंडस्ट्री में उनके कलीग्स ने भी दुख जताया है।
रीता के निधन की खबर सुनकर फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट आॅफ इंडिया में उनकी बैचमेट रही जरीना वहाब ने भी गहरा दुख जाहिर किया है। जरीना वहाब ने टाइम्स आॅफ इंडिया से बातचीत में कहा- 'रीता भादुड़ी हमारे बैच में सबसे खूबसूरत महिला थीं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि ऐसे समय में क्या कहूं। उनके निधन की खबर सुनकर मुझे झटका लगा है। मैं पिछले पांच दिनों से लगातार उनसे फोन पर बात करने की कोशिश करती रही, लेकिन दूसरी ओर से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला।' इतना ही नहीं जरीना वहाब जल्द रीता के घर पर भी विजिट करने का प्लान बना रही थी, लेकिन उससे पहले ही उन्हें अभिनेत्री के निधन की खबर मिल गई।
जरीना वहाब ने इसको लेकर बातचीत में कहा- 'मैं उनके बिगड़ते स्वास्थ्य से वाकिफ नहीं थी। यहां तक कि हम तो उनके घर पर एक गेट टुगेदर का भी प्लान बना रहे थे।' वरीना ने अपनी आखिरी मुलाकात का जिक्र करते हुए इसी बातचीत में कहा- 'हम आखिरी दफा शिर्डी गए थे और जल्द दोबारा आउटिंग का प्लान बना रहे थे। ..लेकिन दुर्भाग्य से शिर्डी ही हमारी साथ में आखिरी आउटिंग थी। मैं बहुत बुरा महसूस कर रही हूं क्योंकि मैं शूटिंग शेड्यूल होने के चलते उनके फ्यूनरल में शामिल नहीं हो पाऊंगी। शायद में बाकी की रस्मों के दौरान वहां मौजूद रह पाऊं। इंडस्ट्री ने एक शानदार अभिनेत्री के साथ ही एक खूबसूरत शख्सियत भी खो दी है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।'
मंगलवार दोपहर को ही अंधेरी के श्मसान घाट पर रीता भादुड़ी का अंतिम संस्कार किया जाना है। बता दें कि पिछले तीन दशकों से रीता भादुड़ी फिल्म जगत में सक्रिय थीं। इस दोरान उन्होंने तकरीबन 70 फिल्मों और 30 धारावाहिकों में काम किया। इनमें 'साराभाई वर्सेज साराभाई', 'कुमकुम' और 'खिचड़ी' जैसे सीरियल भी प्रमुख हैं।