Salman Khan Birthday Special: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान आज सिर्फ एक एक्टर नहीं, बल्कि एक ऐसा नाम हैं, जो हर पीढ़ी के दिलों में बसता है. कोई उन्हें 'दबंग' कहकर याद करता है, तो कोई प्यार से 'भाईजान' बुलाता है. अपने खास स्टाइल, मासूम मुस्कान और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से सलमान ने दशकों से दर्शकों को एंटरटेन किया है. एक्शन, रोमांस और यादगार डायलॉग्स उनकी पहचान बन चुके हैं.
सलमान खान के करियर की बात करें तो 'हम आपके हैं कौन' में उनका मासूम और प्यारा अंदाज आज भी लोगों के दिलों में ताजा है. वहीं 'दबंग' में चुलबुल पांडे का हंसमुख लेकिन खतरनाक एक्शन अवतार दर्शकों को खूब पसंद आया. 'सुल्तान' में एक पहलवान की मेहनत, संघर्ष और जज्बे को उन्होंने इतनी सच्चाई से निभाया कि यह फिल्म उनके करियर की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल हो गई.
TRENDING NOW
सलमान खान का जन्म 27 दिसंबर 1965 को इंदौर में हुआ था. उनके पिता सलीम खान बॉलीवुड के जाने-माने स्क्रिप्ट राइटर रहे हैं. फिल्मों के माहौल में पले-बढ़े सलमान ने 1988 में फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन असली पहचान उन्हें 1989 में आई फिल्म 'मैंने प्यार किया' से मिली, जिसने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया.
इसके बाद सलमान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. 'बजरंगी भाईजान' में मासूम बच्ची की मदद करने वाले किरदार से उन्होंने दर्शकों की आंखें नम कर दी. 'टाइगर जिंदा है' में देशभक्ति और एक्शन का दम दिखाया, जबकि 'किक' में मस्ती और एडवेंचर का तड़का लगाया. 'हम साथ साथ हैं', 'तेरे नाम', 'प्रेम रतन धन पायो' , 'वांटेड' और 'भारत' जैसी फिल्मों से उनके अंदर छिपे एक्टर की अलग-अलग खूबियों देखने को मिली.
सलमान न केवल एक एक्टर हैं, बल्कि अपनी प्रोडक्शन कंपनी के जरिए सलमान खान कई हिट फिल्में प्रोड्यूस भी कर चुके हैं, और नए कलाकारों को मौका दिया है. इसके अलावा टीवी शो 'बिग बॉस' के होस्ट के रूप में भी उनका अलग ही जलवा है. उनका मजाकिया अंदाज और फैंस से जुड़ाव शो की बड़ी पहचान बन चुका है. बहरहाल, कई बड़े अवॉर्ड्स से सम्मानित सलमान खान आज एक एक्टर ही नहीं, बल्कि एक ब्रांड और सच्चे मायनों में बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं.
Subscribe Now
Enroll for our free updates