बॉलीवुड लाइफ हिन्दी ने आपको बीते दिनों ही यह बताया था कि सलमान खान ने 'बिग बॉस 12' के लिए कुछ प्रोमोज शूट किए हैं, जिनमें वो बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों का सहारा लेते नजर आएंगे। अगर शो से सामने आ रही ताजा जानकारी की बात करें तो बताया जा रहा है कि सलमान खान ने इन प्रोमोज में कुछ क्रिएटिव इनपुट्स भी दिए हैं, जो दर्शकों को चौंकाने में निर्माताओं की मदद करेंगे।
सलमान खान के 'बिग बॉस 12' में इस बार प्रतियोगी जोड़ियों में भाग लेंगे। इन जोड़ियों को भाईजान "विचित्र जोड़ियां" कह कर पुकारेंगे। 'बिग बॉस 12' के निर्माताओं ने इस बार के सीजन को और भी ज्यादा मनोरंजक बनाने के लिए किसी भी तरह की जोड़ी को लेने का फैसला किया है।
शो से जुड़े सूत्र की मानें तो, ‘सलमान खान काफी लम्बे समय से मनोरंजन इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, जिसके चलते उन्हें इस बात का पूरा अंदाजा रहता है कि दर्शकों को क्या देखना पसंद है। इसी के चलते प्रोमो शूट करते हुए उन्होंने क्रिएटिव टीम को कई सारे इनपुट दिए हैं।’
‘आने वाले समय में सलमान खान बिग बॉस 12 के प्रोमोज में अपने सुपरहिट गानों के कई सारे डांस स्टेप्स करते नजर आएंगे। इनमें ‘एक बार जो जाए, जवानी फिर न आए’ का तौलिया वाला स्टेप, ‘टाइगर जिंदा है’ का ‘दिल दियां गल्ला’ वाला स्टेप और ‘दबंग’ का ‘हुड़-हुड़’ स्टेप शामिल होंगे।’
सूत्र ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है, ‘सलमान खान जो भी काम करते हैं उसमें अपना कुछ न कुछ मसाला जरूर मिला देते हैं। जैसे ही वो सेट पर आते हैं, वैसे ही सभी के अंदर एनर्जी भर जाती है और सब मन से काम करने में जुट जाते हैं। इस बार भी जब वो 'बिग बॉस 12' के लिए प्रोमोज शूट करने आए तो उन्होंने सबको चार्ज कर दिया। वो वाकई सुपरस्टार हैं।’