फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज की अपकमिंग फिल्म ‘पटाखा’ के कई दिलचस्प पोस्टर रिलीज किए गए हैं। ये पोस्टर पारंपरिक बॉलीवुड फिल्मों के पोस्टर से अलग हैं और इनमें किरदारों के नामों के साथ ही उनके मिजाज को बताते हुए कैप्शन भी लिखे गए हैं। इन पोस्टर्स में सबसे जबरदस्त पोस्टर कॉमेडियन सुनील ग्रोवर का है।
सुनील ग्रोवर ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘पटाखा’ से अपना लुक शेयर किया है। ‘पटाखा’ में सुनील ग्रोवर महिला के गेटअप में नजर आ रहे हैं। सुनील के किरदार के साथ पोस्टर में पंचलाइन है- 'डिप्पर नारदमुनी...भैण की माम्मी..एक साड़ी के साथ एक पेटीकोट फ्री'। ऐसे ही अन्य किरदारों के पोस्टर के साथ भी कई फनी कैप्शन दिए गए हैं, जो फिल्म को लेकर अभी से उत्सुकता जगा रहे हैं। बता दें कि फिल्म ‘पटाखा’ में सुनील ग्रोवर के अलावा सान्या मल्होत्रा, राधिका मदना और विजय राज लीड रोल में नजर आएंगे।
सुनील के अलावा सान्या मल्होत्रा, राधिका मदना और विजय राज के पोस्टर भी जारी किए गए हैं। विजय राज के पोस्टर के साथ पंचलाइन है- 'बेचारा बापू...मेरी मोढ़िन के बीच इतनी दुस्मनी क्यूं है।' फिल्म के सारे पोस्टर काफी कलरफुल हैं।
विशाल भारद्वाज पहले 'पटाखा' को ‘छुरियां’ नाम से रिलीज करने वाले थे, लेकिन बाद में इसका नाम बदल दिया गया था। इसे लेकर बीते दिनों विशाल भारद्वाज ने कहा था कि उनकी फिल्म के टाइटल को लेकर काफी कन्फ्यूजन हो रहा था। फिल्म का नाम ‘छुरियां’ है या ‘चूड़ियां’ इसे लेकर लोग कन्फ्यूज थे। विशाल इस फिल्म से पहले इरफान और दीपिका पादुकोण के साथ एक गैंगस्टर ड्रामा प्लान कर रहे थे, लेकिन इरफान की तबियत खराब होने के चलते ये प्रोजेक्ट अधर में ही लटक गया।
हाल ही में कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘पटाखा’ का टीजर रिलीज किया गया था। ‘पटाखा’ दो बहनों बड़की और छुटकी के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की कहानी को राजस्थान को बैकड्रॉप में रखकर लिखा गया है। विशाल भारद्वाज की फिल्म पटाखा की कहानी लेखक चरण सिंह पथिक की लघु कहानी पर आधारित है। 'पटाखा' फिल्म की शूटिंग इन दिनों माउंट आबू में चल रही है। फिल्म का ट्रेलर 15 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। फिल्म 28 सितंबर को रिलीज हो रही है। बहरहाल आपको फिल्म के पोस्टर कैसे लगे यह आप हमें कमेंट बॉक्स में बताना न भूलिएगा।
Subscribe Now
Enroll for our free updates




