आमिर खान की आॅनस्क्रीन बेटी 28 सिंतंबर को सिल्वर स्क्रीन पर फोड़ेगी 'पटाखा', सुनील ग्रोवर भी आएंगे नजर

डायरेक्टर विशाल भारद्वाज इस दफा राजस्थान को बैकड्राप में रखते हुए दो बहनों की कहानी पेश करने जा रहे हैं।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: June 26, 2018 8:51 AM IST

शेक्सपियर के नाटकों का देसीकरण कर पर्दे पर नायाब कहानियां पेश करने के लिए मशहूर डायरेक्टर विशाल भारद्वाज इस दफा राजस्थान को बैकड्राप में रखते हुए दो बहनों की कहानी पेश करने जा रहे हैं। 'पटाखा' नाम से आ रही इस फिल्म में आमिर खान के साथ 'दगंल' में नजर आ चुकी सान्या मल्होत्रा और ‘मेरी आशिकी तुमसे ही’ फेम टीवी की लोकप्रिय स्टार राधिका मदान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म का एक पोस्टर हाल ही में जारी किया गया है। इस पोस्टर में दोनों अभिनेत्रिया लड़ती हुई नजर आ रही हैं।

विशाल भारद्वाज ने फिल्म का पोस्टर रिलीज करते हुए लिखा- 'दो बहनें...युद्ध आरंभ 28 सिंतबर'। विशाल भारद्वाज ने अब तक कई फिल्मों में हीरो को विलेन से लड़ाया है, रिश्तों का उलझाव दिखाया है, लेकिन इस बार वो दो बहनों की कहानी लेकर हाजिर हो रहे हैं। विशाल के किरदार अलहदा होते हैं। मसलन लंगड़ा त्यागी या फिर बदले के जुनून में सुलगता हैदर। ऐसे न जाने कितने दिलचस्प किरदार विशाल भारद्धाज ने अब तक पर्दे पर पेश किए हैं, जो हिंदी सिनेमा में हमेशा के लिए यादगार बन गए। बता दें कि पहले इस फिल्म का नाम 'छुरियां' था, लेकिन अब इसे 'पटाखा' नाम के साथ रिलीज किया जा रहा है।

'पटाखा' में कॉमेडियन सुनील ग्रोवर और विजय राज भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। विशाल ने आखिरी फिल्म 'रंगून' डायरेक्ट की थी, हालांकि यह फिल्म विशाल की पिछली फिल्मों की तरह कोई खास करिश्मा नहीं दिखा सकी। वह पिछले लंबे समय से इस कॉमेडी ड्रामा को दर्शकों तक पहुंचाना चाहते थे। सुनील पहली बार विशाल के साथ काम कर रहे हैं, जबकि विजय राज ने विशाल की फिल्म डेढ़ इश्किया में काम किया था। अप्रैल में इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई है। इन दिनों फिल्म के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग माउंट आबू में शुरू करने की तैयारियां की जा रही हैं।

बीते दिनों विशाल भारद्वाज ने फिल्म के टाइटल में बदलाव करने को लेकर कहा था कि उनकी फिल्म के टाइटल को लेकर काफी कन्फ्यूजन हो रहा था। फिल्म का नाम 'छुरियां' है या 'चूड़ियां' इसे लेकर लोग कन्फ्यूज थे और इसी के चलते हमने फिल्म का नाम अब 'पटाखा' रखा है। विशाल इस फिल्म से पहले इरफान और दीपिका पादुकोण के साथ एक गैंगस्टर ड्रामा लेकर आने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर इरफान बीमार पड़ गए। इसके बाद दीपिका पादुकोण को भी पीठ दर्द की शिकायत आने लगी, जिसके चलते ​विशाल को इस प्रोजेक्ट पर काम रोकना पड़ा था।