वापस पटरी पर लौटी सारा अली खान की डेब्यू फिल्म ‘केदारनाथ’, अभिषेक कपूर ने वीडियो साझा कर दी जानकारी

फिल्म 'केदारनाथ' से सारा अली खान बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं।

WrittenBy
By: Rahul Sharma | Published: February 21, 2018 9:09 PM IST

बीते दिनों सारा अली खान और सुशांत सिंह राजपूत की आने वाली फिल्म 'केदारनाथ' को लेकर जिस तरह की खबरें आयी थीं उनके बाद तो ऐसा लगने लगा था कि यह फिल्म कभी सिनेमाघरों में दस्तक नहीं दे पायेगी। हालांकि अब सारी चीजें सामान्य होती लग रही हैं। फिल्म के निर्देशक अभिषेक कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आज ही एक वीडियो साझा की है, जिसके माध्यम से उन्होंने फैंस को यह जानकारी दी है कि फिल्म का शूट दोबारा से शुरू कर दिया गया है।

अभिषेक कपूर ने अपने इन्स्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के सेट से एक वीडिया साझा कर बताया है कि 'केदारनाथ' का दूसरा शेड्यूल शुरू कर दिया गया है। अभिषेक ने अपने वीडियो को साझा करते हुए लिखा है, ‘और सफर अभी भी जारी है.... दूसरा शेड्यूल शुरू होने वाला है....’

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही फिल्म की निर्माता प्रेरणा अरोरा ने मीडिया से बात करते हुए इस बात की जानकारी दी थी कि, ‘हम फिल्म को लेकर कानूनी रास्ता अपना रहे हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि फिल्म को लेकर जो भी विवाद है वो जल्द ही सुलझ जायेगा और इसकी शूटिंग जल्द ही शुरू होगी। हालांकि अभी फिल्म के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।’ जब प्रेरणा से पूछा गया कि क्या सुशांत सिंह राजपूत 'केदारनाथ' को छोड़ रहे हैं तो उन्होंने बताया था कि, ‘सुशांत सिंह राजपूत हमारी फिल्म के हीरो हैं। जब तक फिल्म 'केदारनाथ' रहेगी वो इसके हीरो रहेंगे।’

फिल्म 'केदारनाथ' का विवाद आखिरकार था क्या:

अगर आपको नहीं पता है कि तो हम बता दें कि फिल्म 'केदारनाथ' की रिलीज डेट को लेकर फिल्म के निर्माता और निर्देशक के बीच कुछ दिन पहले तना-तनी हो गई थी। जिसकी वजह से फिल्म पर संशय बन गया था। बात तो यहां तक पहुंच गई थी कि 'केदारनाथ' का मामला कोर्ट तक पहुंच गया था लेकिन अब चीजें पटरी पर आती दिख रही हैं।