Also Read
जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की अपकमिंग फिल्म 'सत्यमेव जयते' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में जॉन एक्शन के दौरान शानदार नजर आते हैं, तो पुलिसकर्मी के रूप में मनोज बाजपेई दमदार नजर आ रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर में एक से बढ़कर एक डायलॉग हैं। फिल्म करप्शन के इर्द-गिर्द घूमती है। हालांकि, फिल्म का ट्रेलर देखकर ही कहानी प्रिडक्ट हो जा रही है और ऐसे लग रहा है कि फिल्म के अधिकांश दमदार डायलॉग्स को ट्रेलर में ही रख दिया गया है।
जॉन अब्राहम एक्शन के दौरान रियल नजर आते हैं और ये 'सत्यमेव जयते' के ट्रेलर में भी नजर आ रहा है। एक्शन से भूरपूर इस ट्रेलर में ही फिल्म के मूल ट्विस्ट को भी खोल दिया गया है। दरअसल फिल्म की कहानी भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को सबक सिखाने और जॉन अब्राहम के बदले के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके बीच में पुलिसकर्मी के रूप में मनोज बाजपेई खड़े नजर आ रहे हैं। एक्शन के अलावा अगर देखें तो फिल्म के डायलॉग मजेदार लग रहे हैं। मसलन एक डयलॉग है, जहां जॉन अब्राहम कहते हैं- 'दो टके की जान लेने के लिए 9 एमएम की गोली नहीं 56 इंच का जिगरा चाहिए'। इस डायलॉग पर सिनेमाहॉल में सीटियां बजना तय है, लेकिन यह अकेला डायलॉग नहीं है, बल्कि ऐसे ही कुछ और भी डायलॉग हैं।
ट्रेलर की शुरुआत ही एक डायलॉग से होती है- 'सच में अच्छे दिन आ गए।' इसके बाद जॉन का ही दूसरा डायलॉग है- 'लगभग 4 हजार दो सौ धर्म हैं इस दुनिया में, धर्म की वजह से न जाने कितने लोग हर दिन मरते हैं...मारते हैं।' ऐसा ही एक और डायलॉग है- 'अब तुझे ऐसी मौत मारूंगा कि तू इस जन्म में जलेगा और दर्द अगले जन्म तक चलेगा।'
मनोज बाजपेई के हिस्से भी दमदार डायलॉग आए हैं, उनका एक डायलॉग है- 'छोटी मछली बहुत पकड़ ली अब मगरमच्छ पकड़ने की बारी है।' ऐसे ही एक और डायलॉग है- 'कानून को हाथ में लेने का हक सिर्फ कानून के हाथों में होता है।' ऐसे ही एक दूसरा डायलॉग है- 'सरकारी रिवॉल्वर की गोली में आज भी बहुत दम है।' ट्रेलर में ऐसे ही और भी कुछ डायलॉग हैं। फिल्म का निर्देशन मिलाप मिलन झावेरी ने किया है और फिल्म 15 अगस्त को रिलीज हो रही है। इसी दिन अक्षय कुमार की 'गोल्ड' और सनी देओल, बॉबी देओल और धर्मेन्द्र की फिल्म 'यमला पगला दीवाना फिर से' भी रिलीज हो रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि तीनों में से कौन सी फिल्म बॉक्स आॅफिस पर बाजी मार ले जाती है।