शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर 'धड़क' से नहीं बल्कि इस फिल्म से करेंगे डेब्यू, जारी हुई रिलीज डेट

माजिद मजीदी के डायरेक्शन में बनी ईशान खट्टर की फिल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' की रिलीज डेट आउट।

WrittenBy
By: Shivani Bansal | Published: February 15, 2018 11:54 AM IST

बॉलीवुड में एंट्री को तैयार शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर की फिल्म ‘बियॉन्ड द क्लाउड्स’ 20 अप्रैल को रिलीज होगी। यह फिल्म माजिद मजीदी के निर्देशन में बनी है। फिल्म में ईशान खट्टर और मालविका मोहनन अहम भूमिका में है जबकि फिल्म में संगीत ए आर रहमान ने दिया है।

शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर फिल्मी दुनिया में अपनी पारी खेलने को बेताब है। उनकी दो फिल्में फ्लोर पर आने को तैयार है एक 'धड़क' तो दूसरी 'बियॉन्ड द क्लाउड्स'। हालांकि करण जौहर के प्रोडक्शन में बन रही फिल्म 'धड़क' बाद में रिलीज होगी।

फिल्म 'धड़क' में ईशान खट्टर श्रीदेवी की बेटी जान्हवी कपूर के साथ सिल्वर स्क्रीन पर दिखाई देंगे। यह फिल्म सुपरहिट मराठी फिल्म 'सैराठ' की हिंदी रिमेक है। 2016 में आई मराठी फिल्म 'सैराठ' ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी और इस फिल्म के डायरेक्टर को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था।

वहीं फिल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' में ईशान एक ऐसे लड़के की भूमिका निभा रहे हैं जो बेहद गरीब है लेकिन जल्दी ही अमीर बनना चाहता है। यह चाहत उसे ड्रग्स के धंधे तक पहुंचा देती है। इसमें फंसने के बाद पुलिस से बचने की जद्दोजहद में उसकी बहन जिसे वो जान से ज्यादा प्यार करता है वो पुलिस के चंगुल में फंस जाती है।

फिल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' गरीब भाई-बहन और उनके बीच रिश्तों पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही आउट हो चुका है।