भाई की फिल्म का ट्रेलर देख शाहिद कपूर ने कहा- 'एक्टिंग तो खून में है, इसे देखो..'

शाहिद कपूर अपने भाई के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: March 26, 2018 4:50 PM IST

बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर अपने फिल्मी सफर के लिए तैयार बैठे हुए हैं। अपनी अद्भुत फिल्ममेकिंग के लिए दुनियाभर में मशहूर निर्देशक माजिद मजीदी की फिल्म 'बियोन्ड द क्लाउड्स' से ईशान अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। ईशान खट्टर की अदाकारी से उनके भाई शाहिद कपूर भी बेहद प्रभावित नजर आ रहे हैं। शाहिद ने अपने भाई की आने वाली फिल्म 'बियोन्ड द क्लाउड्स' का ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा- 'एक्टिंग तो खून में है। इसे देखो। ये इतनी जल्दी कब बड़ा हो गया...'

शाहिद कपूर अपने भाई के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। आखिर ऐसा हो भी क्यों न। जिस फिल्ममेकर के साथ काम करने के लिए दुनियाभर के सितारे इंतजार करते हैं, उसके निर्देशन में बनी फिल्म से ही ईशान खट्टर अपना डेब्यू कर रहे हैं। शाहिद अक्सर अपने भाई ईशान की तारीफ भी करते रहते हैं। ईशान और शाहिद की मां नीलिमा अजीम हैं, हालांकि दोनों केे पिता जरूर अलग-अलग हैं। शाहिद जहां पंकज कपूर और नीलिमा की संतान हैं, वहीं ईशान का जन्म नीलिमा की राजेश खट्टर से दूसरी शादी के बाद हुआ है।

ईशान की अदाकारी के कायल अकेले शाहिद कपूर ही नहीं हुए हैं, बल्कि 'बियोन्ड द क्लाउड्स' के निर्माताओं को भी पूरा भरोसा है कि फिल्म के कलाकार ईशान खट्टर और मालविका मोहनन अपने दिल को छू लेने वाले अभिनय से सभी को प्रभावित करने में सफल होंगे। दोनों कलाकार ईरानी फिल्मकार माजिद मजीदी की भारतीय पृष्ठभूमि पर निर्मित इस फिल्म के साथ अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म का दूसरा ट्रेलर जारी किया है। फिल्म की कहानी भाई और बहन की दिल छू लेने वाली कहानी पर आधारित है। जी स्टूजियोज और नमह पिक्चर्स द्वारा निर्मित फिल्म दुनियाभर में 20 अप्रैल को रिलीज होगी।

जी स्टूडियोज के बिजनेस प्रमुख सुजय कुट्टी ने कहा- 'माजिद मजीदी की हर फिल्म रिश्ते, भावनाओं और परिवार पर आधारित होती हैं। 'बियोन्ड द क्लाउड्स' में उन्होंने इस विश्वास को और भी बल दिया है, जिसमें उन्होंने खून से नहीं बल्कि प्यार से बंधे पारिवारिक रिश्तों को दर्शाया है।' कुट्टी ने कहा- 'ट्रेलर में दर्शकों को दो प्रतिभाशाली नए चेहरों के माध्यम से इन खूबसूरत भावनाओं की झलक दिखाई गई।' ईशान खट्टर अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीत पाते हैं या नहीं यह तो बहुत जल्द पता चल जाएगा, लेकिन फिलहाल तो उन्होंने अपने एक्टर भाई का दिल जीत ही लिया है। ईशान इसके अलावा इन दिनों जाह्नवी कपूर के साथ फिल्म 'धड़क' की शूटिंग भी कर रहे हैं।

इनपुट: आईएएनएस