'मेरी आशिकी तुमसे ही' के एक्टर शक्ति अरोड़ा की फीमेल फैंस का दिल इस खबर से टूट सकता है। दरअसल ये एक्टर अब सिंगल नहीं रहा है। टीवी एक्टर ने अपनी लंबी रिलेशनशिप के बाद अपनी गर्लफ्रेंड नेहा सक्सेना से शादी कर ली है। शक्ति की शादी इसी 6 अप्रैल को हुई, लेकिन एक्टर ने इस बात की भनक अब तक किसी को लगने नहीं दी थी। एक हफ्ते से भी ज्यादा वक्त तक ये कपल अपनी शादी को प्राइवेट रखने में कामयाब रहा है।
अब शक्ति ने खुद अपनी शादी के बारे में बात करते हुए टाइम्स आॅफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा- 'सुबह के वक्त हमारी हल्दी सेरेमनी हुई और फिर शाम को फेरे हुए। हमारी शादी में केवल हमारे परिवार के लोग ही शामिल हुए। ये एक निजी समारोह था। हम दोनों ही पिछले कुछ महीनों से खाली थे, तो हमने सोचा कि यह वक्त शादी के लिए बिल्कुल सही है। मै जल्द एक नए प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रहा हूं और इसके बाद व्यस्त हो जाउंगा।'
शक्ति की शादी की खबर इसलिए भी चौंकाने वाली है, क्योंकि बीते दिनों ही मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा था कि शक्ति और उनकी गर्लफ्रेंड के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि, एक इंटरव्यू के दौरान तब शक्ति ने कहा था- 'हम लोगों के बीच सब कुछ सामान्य है। मैं मजबूत आदमी हूं और शादी, बच्चों या फिर ब्रेकअप की खबरें मुझे प्रभावित नहीं करती हैं। इस तरह की अफवाह मेरे पेशे का हिस्सा हैं।' शक्ति ओर नेहा पिछले लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं। जब शक्ति से उनकी शादी में हो रही देरी के बारे में पूछा गया था, तब उन्होंने कहा था- 'मुझे लगता है कि मैं अभी शादी के लिए तैयार नहीं हूं। चार साल पहले हम लोगों का रोका हुआ है, तो कोई कहीं भागा नहीं जा रहा है। जब सही वक्त होगा हम शादी कर लेंगे।' अब लता है कि सही वक्त भी शक्ति को मिल गया और उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी कर ली है।
जब शक्ति से पूछा गया कि शादी के बाद जिंदगी कैसी है तो उन्होंने कहा- 'मुझे अभी तक ये महसूस ही नहीं हो रहा है कि मैं अब शादीशुदा शख्स हूं। अभी तक कुछ समझ नहीं आ रहा, लेकिन ये अच्छा अनुभव है।' जल्द ये कपल अपने हनीमून के लिए नॉर्वे के लिए निकल सकता है।