मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेंहदी को पटियाला कोर्ट ने मानव तस्करी के 15 साल पुराने मामले में दोषी करार दिया है। उन्हें कोर्ट ने दो साल जेल की सजा सुनाई है। दलेर पंजाबी पॉप गानों के लिए पहचाने जाते थे और इन दिनों कई रिएलिटी शोज में बतौर जज टीवी पर नजर आ रहे थे। हालांकि उन्हें कोर्ट से तुरंत जमानत भी मिल गई है।
तकरीबन 15 साल पुराने इस मामले में दलेर मेंहदी के साथ ही उनके भाई शमशेर सिंह को भी दोषी बनाया गया था, लेकिन अक्टूबर 2017 में शमशेर सिंह की मौत हो गई थी। यह मामला 2003 में चर्चाओं में आया था। बख्शीस सिंह की ओर से इस मामले में तहरीर दर्ज करवाई गई थी। मामले में दलेर मेंहदी और उनके भाई पर तीन लड़कियों को अवैध तरीकों से विदेश भेजने का आरोप लगा था। अब कोर्ट ने इसी मामले में दलेर मेंहदी को दोषी करार दिया है और उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई है। मेहंदी और उनके भाई ने 1998 और 1999 के दौरान दो बार अमेरिका में शो किए थे।
#UPDATE: Daler Mehndi sentenced to 2-years in prison after being convicted in a 2003 human trafficking case by Patiala Court. #Punjab
— ANI (@ANI) March 16, 2018
जानकारी के मुताबिक दलेर ने लोगों को अवैध तरीके से विदेश ले जाने के लिए अपने कॉन्सर्ट का सहारा लिया था। इस मामले के सामने आने के बाद बॉलीवुड में हंगामा मच गया था। 2003 में दोनों के खिलाफ पहला मामला अमेरिका में दर्ज किया गया था। तब शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एक अभिनेत्री के साथ अमेरिकी यात्रा पर गए दलेर ने कथित तौर पर तीन लड़कियों को सैन फ्रांसिस्को छोड़ दिया था। ऐसे ही अक्टूबर 1999 में भी दोनों भाई एक बार फिर अपने के साथ कुछ लोगों को अपने ग्रुप में अमेरिका ले गए थे और इस दौरान तीन लड़कों को न्यू जर्सी में छोड़ दिया गया था। अब कोर्ट ने इसी मामले में सिंगर को दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई है।