तापसी पनू और दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सूरमा' का एंथेम सॉन्ग जारी हुआ है। इस गाने को बोल दिए हैं मशहूर गीतकार गुलजार और इसे संगीत से सजाया है शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी ने, जबकि आवाज दी है शंकर महादेवन ने। फिल्म का ये गाना संदीप सिंह की राष्ट्रीय हॉकी टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष की लड़ाई की कहानी बयां कर रहा है। फिल्म का ट्रेलर जारी हो चुका है और साथ ही पहला गाना भी सामने आ गया है। अब इसके बाद फिल्म के इस तीसरे गाने ने जारी होते ही बता दिया है कि ये इस हफ्ते टीआरपी लिस्ट में अव्वल रहने का माद्दा रखता है।
इससे पहले फिल्म का जारी हुआ पहला गाना 'दिल दी बाजियां' भी लिसनर्स को खूब पसंद आया था और इसने काफी तारीफें भी पाईं थी। शंकर एहसान लॉय और गुलजार की जोड़ी ने हाल ही में आलिया भट्ट की फिल्म 'राजी' का भी संगीत दिया था और इसे दर्शकों का खूब प्यार मिला था। 'दिलबरो' के बाद अब 'सूरमा' गाना भी आपके रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
'सूरमा' का एंथेम सॉन्ग
ये फिल्म हॉकी प्लेयर संदीप सिंह के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में संदीप सिंह का सफर दिखाया गया है। ये एक बेहद मोटिवेशनल स्टोरी है जहां दिग्गज हॉकी प्लेयर संदीप सिंह गोलियों का शिकार हो गए थे और उस हादसे में वो गंभीर रुप से जख्मी होने के बाद व्हीलचेयर तक पहुंच गए थे। लेकिन संदीप सिंह ने जिंदगी की बाजी हारी नहीं और फिर दोबारा उठ खड़े हुए और दोबारा राष्ट्रीय हॉकी टीम में जोरदार वापसी की थी।
फिल्म में संदीप सिंह का किरदार दिलजीत दोसांझ निभा रहे हैं और उनके साथ संदीप सिंह की प्रेमिका हरप्रीत कौर के किरदार में तापसी पनू दिखाई देने वाली है। संदीप सिंह एक लेजेंड हॉकी खिलाड़ी रहे हैं और भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान भी रह चुके है। संदीप को दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रैग-फ्लिकर में से एक माना जाता है। उनकी जिंदगी पर आधारित इस कहानी को निर्देशक शाद अली ने डायरेक्ट किया है और फिल्म में अंगद बेदी भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आने वाले है। शाद अली के निर्देशन में बनी ये फिल्म 13 जुलाई 2018 को रिलीज हो रही है।
Subscribe Now
Enroll for our free updates