स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान की हाल ही में अमेजन पर नई वेब सीरीज रिलीज हुई है। 10 एपिसोड वाली इस वेब सीरीज में जाकिर का नया अंदाज नजर आ रहा है। अब तक स्टैंडअप कॉमेडियन के रूप में लोगों को गुदगुदाने वाले जाकिर वेब सीरीज 'चाचा विधायक हैं हमारे' में नए अवतार में नजर आ रहे हैं। इससे पहले भी जाकिर का एक शो 'सख्त लौंडा' अमेजन प्राइम वीडियो पर ही रिलीज हो चुका है, लेकिन अब तक जाकिर स्टैंडअप कॉमेडी करते हुए ही नजर आए थे जबकि अब उनकी अदाकारी भी आपको इस सीरीज में नजर आएगी।
इस वेब सीरीज की कहानी रॉनी (जाकिर खान) नाम के एक लड़के, उसके परिवार और उसके दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। रॉनी सबसे कहता है कि उसके चाचा विधायक हैं। इसके पीछे एक ही कारण है सरनेम। दरअसल इलाके के विधायक और रॉनी का सरनेम 'पाठक' है और रॉनी इस बात का फायदा अपना रौब जमाने के लिए करता है। इस तैश में कई दफा रॉनी मुश्किलों में भी घिर जाता है। आईएस की कोचिंग के लिए रॉनी के पापा उसे दिल्ली भेजते हैं, लेकिन वह लौटकर अपने शहर इंदौर पहुंच जाता है। उसके दोस्त और बाकी लोग जब भी मुसीबत में फंसे होते तो रॉनी के पास मदद मांगने के लिए पहुंच जाते हैं। यहां तक कि रेल की टिकट बुक करवाने के लिए भी रॉनी से विधायक कोटे का इस्तेमाल करने की गुहार लगाई जाती है।
रॉनी और उसके दो खास जिगरी दोस्त
लोगों को लगता है कि रॉनी के चाचा तो विधायक हैं, लिहाजा वह सारी मुश्किलों को अपने हिसाब से देख लेगा। इधरा रॉनी की फैमिली उसकी आवारागर्दी से परेशान है, खासकर उसके पिता। वह बार-बार समझाते हैं कि रॉनी को कोई नौकरी ढूंढ लेनी चाहिए, लेकिन रॉनी के सपने बड़े हैं। रॉनी के दो खास जिगरी दोस्त हैं, जिनके साथ वह अपना पूरा दिन गुजार लेता है। इसके अलावा रॉनी एक लड़की से प्यार भी करता है, लेकिन वह उसे हमेशा फ्रेंडजोन में रखती है।
ऐसे ही एक रोज उसकी लव इंटरेस्ट अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी करने के लिए घर छोड़ देती है और लड़की के पैरेंट्स इसका जिम्मेदार रॉनी को बता देते हैं। रॉनी जो कि सबकुछ छोड़-छाड़ कर वापस दिल्ली लौट रहा था, अपने पापा की गिरफ्तारी की खबर सुनकर वापस इंदौर लौट आता है। इस बीच यह मामला असली विधायक (अभिमन्यु सिंह) तक पहुंच जाता है, जो शहर का नामी गुंडा भी है। विधायक इस बात को सुनकर बौखला जाता है कि कोई उसके नाम का इस्तेमाल कर अपना उल्लू सीधा कर रहा है। विधायक भी इधर रॉनी को ढूंढ रहा है।
रॉनी के सामने कई मुश्किलें
अब रॉनी के सामने कई मुश्किलें एक साथ खड़ी हो गई हैं। रॉनी का क्या होगा, क्या विधायक को वह सच बता सकेगा, उसकी दोस्त का क्या होगा और पुलिस से वह अपने पापा को कैसे छड़ाएगा। इससे भी बढ़कर खुद रॉनी की जिंदगी का क्या होगा... इन्हीं तमाम सवालों के बीच जाकिर की वेब सीरीज 'चाचा विधायक हैं हमारे' का प्लॉट घूमता है। इस सीरीज के सारे एपिसोड मजेदार हैं। खासकर यदि आप इंदौर के लोगों की जुबान से वाकिफ हैं, तब तो आपको यह सीरीज और भी मजेदार लगेगी। जाकिर खान के पंच यहां भी आपको गुदगुदाएंगे।
इस सीरीज में जाकिर खान के अलावा भी कई नामी चेहरे शामिल हैं। इनमें विनीत शर्मा, अभिमन्यु सिंह, जाकिर हुसैन, वीनस सिंह, अल्का अमीन, व्योम शर्मा और कुमार वरुण का काम शानदार है। सीरीज को विकास चंद्रा ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसके क्रिएटर जाकिर खान ही हैं।
Subscribe Now
Enroll for our free updates