Sukesh Chandrashekhar
करोड़ों की ठगी के आरोप में दिल्ली की तिहाड़ जेल की सलाखों के पीछे बंद सुकेश चंद्रशेखर एक बार फिर सुर्खियों में है. वजह कोई नया केस नहीं, बल्कि उसका पुराना इश्क है. अपने जन्मदिन के मौके पर सुकेश ने बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस के नाम एक ऐसा खत लिखा है, जो सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इस बार सुकेश का अंदाज पहले से कहीं ज्यादा फिल्मी और हैरान करने वाला है.
सुकेश ने अपने इस लंबे और इमोशनल लेटर की शुरुआत अपने जन्मदिन के दर्द से की. उसने लिखा कि जहां दुनिया उसके जन्मदिन पर जश्न की बात करती है, वहीं वह जेल की कोठरी में सिर्फ जैकलीन की आवाज, उनकी मुस्कान और उनके साथ बिताए पलों को याद कर रहा है. खत में सुकेश ने खुलासा किया कि उसने पेरिस के एक मशहूर ब्रिज पर अपने प्यार के नाम का ‘लव लॉक’ लगवाया है. इस ताले पर 'जैकी और शेखर' का नाम लिखा गया है. सुकेश के मुताबिक, इस ताले को ब्रिज पर लगाकर उसकी चाबी नदी में फेंक दी गई है, ताकि यह बंधन हमेशा के लिए अमर हो जाए. उसने लिखा, "जैसे वह ताला अब कभी नहीं खुलेगा, वैसे ही मेरा दिल भी हमेशा के लिए तुम्हारे पास सुरक्षित है."
अपने खत में सुकेश ने जैकलीन को अपनी शक्ति और बोम्मा बताते हुए लिखा कि दुनिया चाहे उनके बारे में कुछ भी कहे या हालात कितने भी विपरीत क्यों न हों, उसका चुनाव हमेशा जैकलीन ही रहेंगी. उसने माफी मांगते हुए एक उम्मीद भी जताई कि एक दिन सच की जीत होगी और सब कुछ ठीक हो जाएगा. सुकेश ने लिखा, "चाहे दुनिया कुछ भी कहे, वक्त कुछ भी करे, मैं हमेशा तुम्हें ही चुनूंगा, क्योंकि मैं तुमसे पागलों की तरह प्यार करता हूं. मुझे उम्मीद है तुम भी मेरी फीलिंग्स जानती हों, मैं तुम्हें पागलों की तरह मिस कर रहा हूं. सुकेश ने आगे लिखा कि “मेरी हर सांस, हर आंसू और दिल की हर धड़कन सिर्फ तुम्हारे लिए है." खत के अंत में उसने खुद को जैकलीन का बेबी बॉय बताते हुए प्यार का इजहार किया.
यह पहली बार नहीं है जब सुकेश ने जेल से जैकलीन के लिए अपना लव लेटर भेजा हो. इससे पहले भी वह ईस्टर, क्रिसमस और जैकलीन के जन्मदिन पर महंगे तोहफों के वादे और शायरी भरे खत भेज चुका है. हालांकि जैकलीन ने कानूनी तौर पर इन मामलों से दूरी बनाने की कोशिश की है, लेकिन सुकेश की ओर से एकतरफा प्यार का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. फिलहाल, पेरिस में लव लॉक लगवाने का यह दावा चर्चा का विषय बना हुआ है कि जेल में बंद रहते हुए उसने यह कारनामा कैसे किया. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.