Lock Upp 2 से बाहर हुईं सुनीता आहूजा
रियलिटी शो लॉक अप सीजन 2 से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने अपनी खराब सेहत के चलते इस शो को बीच में ही छोड़ने का फैसला लिया है. सुनीता के साथ-साथ इस हफ्ते रियाज अली का सफर भी शो में समाप्त हो गया है. हालांकि, सुनीता के इस विदाई को यादगार बनाने के लिए खुद गोविंदा अपनी बेटी टीना आहूजा के साथ शो के सेट पर पहुंचे.
शो के होस्ट रितेश देशमुख और फराह खान के सामने सुनीता आहूजा ने अपनी शारीरिक दिक्कतों का खुलासा करते हुए बताया कि वह पिछले कुछ समय से बेहद कठिन दौर से गुजर रही हैं. सुनीता ने कहा, "शो के भीतर का तनाव झेलना अब मेरे लिए मुमकिन नहीं रह गया है. मेरी डायबिटीज पूरी तरह कंट्रोल हो चुकी है. इसके साथ ही, मैं इस उम्र में मेनोपॉज के दौर से भी जूझ रही हूं, जिसकी वजह से पूरे बदन में दर्द रहता है और सांस लेने में भी तकलीफ होती है. यही वजह थी कि मैं मेकर्स से लगातार मुझे बाहर भेजने की गुहार लगा रही थी."
हालांकि, इस दर्द के बावजूद शो को लेकर उनके मन में कोई कड़वाहट नहीं है. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे शानदार और कभी न भूलने वाला अनुभव रहा. शो के बाकी युवा कंटेस्टेंट्स को उन्होंने अपने बच्चों जैसा बताया.
View this post on Instagram
जैसे ही सुनीता आहूजा जेल के कटघरे से बाहर आईं, मंच पर गोविंदा ने अपनी एंट्री से समां बांध दिया. उन्होंने माहौल को हल्का करने के लिए मुस्कुराते हुए कहा, "सुनीता तो दिल से बिल्कुल बच्ची हैं. जब यह शो के अंदर थीं, तो मेरे कुछ दोस्तों ने मुझे इनके गुस्से और गाली-गलौज वाले वीडियो भी भेजे थे, लेकिन कोई बात नहीं, हमने वो सब भी हंसकर झेल लिया."
इसके बाद जब को-होस्ट फराह खान ने सुनीता से पूछा कि क्या शो में रहकर उन्होंने परिवार की अहमियत समझी? तो गोविंदा ने बीच में टोकते हुए बेहद पते की बात कही. गोविंदा ने कहा, "अनुभव यही कहता है कि घर के झगड़े और घर की बातें हमेशा चारदीवारी के अंदर ही रहनी चाहिए, उन्हें कभी भी दुनिया के सामने तमाशा नहीं बनने देना चाहिए." उन्होंने आगे कहा कि वह अपने पूरे परिवार से बेइंतहा मोहब्बत करते हैं और दुआ करते हैं कि उनके अपनों पर कभी कोई आंच न आए.
इस विदाई के मौके पर गोविंदा की बेटी टीना आहूजा भी मंच पर मौजूद थीं. अपनी मां को इस तरह स्क्रीन पर मुश्किल हालातों और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते देख टीना अपने आंसू नहीं रोक पाईं. उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा कि एक बेटी के तौर पर मां को इस दर्द में देखना उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था और वह कई एपिसोड्स देखकर घर पर फूट-फूटकर रोई थीं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.