बॉलीवुड स्टार इन दिनों हिंदी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर्स से हाई फीस की डिमांड कर रही है। तापसी पनू हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का जाना माना नाम हैं और कई बेहतरीन फिल्में दे चुकी हैं। लेकिन इसके बावजूद अभी तक तापसी को वो मुकाम नहीं मिला है जिसके वो इंतजार में है। हालांकि तापसी दक्षिण भारतीय फिल्मों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है और उनकी साउथ की फिल्में खूब पसंद की जा रही है। हिंदी फिल्मों की तुलना में तापसी दक्षिण भारत में ज्यादा मशहूर हैं और वहां उनका स्टारडम भी यहां से ज्यादा है।
तापसी ने चश्मेबद्दूर से बॉलीवुड में डेब्यू किया था लेकिन इसके बाद उनकी फिल्म 'बेबी' फिल्म से उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिली थी। इसके बाद तापसी ने 'नाम शबाना', 'पिंक' और 'जुड़वा 2' जैसी फिल्मों में काम किया। तापसी को ज्यादातर संजीदा और टफ किरदारों में ही पसंद किया गया है। रोमांटिक फिल्म्स में तापसी को हिंदी दर्शकों ने अभी तक उतना नहीं सराहा है। तापसी की पिछली फिल्म 'दिल जंगली' इसका ताजा उदाहरण हैं। लेकिन इसके बावजूद तापसी की फिल्म सिनेमाई पर्दे पर आती है तो इसे भरपूर लाइमलाइट मिलती है। इसकी वजह तापसी का साउथ सिनेमा का स्टारडम भी है। इसी वजह से शायद तापसी की हिंदी फिल्मों को साउथ के भी लोग देखते हैं।
शायद यही वजह है कि तापसी मौके की नजाकत समझते हुए हिंदी फिल्म डायरेक्टर्स से ज्यादा पैसे की डिमांड कर रही है। डीएनए की एक रिपोर्ट के मुताबिक वो चाहती हैं कि उन्हें हिंदी फिल्मों के लिए भी उतना ही एमाउंट मिले जितना कि उन्हें साउथ फिल्मों के लिए मिलता है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से लिखा हुआ है कि दरअसल उनके साउथ के दर्शक भी उनकी हिंदी फिल्मों को देखना पसंद करते हैं और इससे उनकी हिंदी फिल्मों का बिजनेस बेहतर होता है।
अब आपकी उनके इस तर्क पर क्या राय है। आप हमें कमेंट बॉक्स में लिख कर बता सकते हैं। वैसे, बता दें कि अभी तापसी की 3 फिल्में फ्लोर पर हैं और इस साल रिलीज हो जाएगी। तापसी की ऋषि कपूर के साथ फिल्म 'मुल्क' 3 अगस्त को रिलीज होनी है जबकि 'सूरमा' इसी महीने 13 जुलाई को रिलीज होगी। इन दोनों फिल्मों के अलावा तापसी, अभिषेक बच्चन और विक्की कौशल के साथ फिल्म 'मनमर्जियां' में भी नजर आने वाली हैं।