इस शुक्रवार को अनिल कपूर, राजकुमार राव और ऐश्वर्या राय बच्चन की नई फिल्म ‘फन्ने खां’ बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देगी। फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों से इस बात का वादा कर दिया था कि इसमें उन्हें एक जबरदस्त कहानी देखने को मिलेगी, इसके बाद आज रिलीज हुए 'फन्ने खां' के नए गाने 'तेरे जैसा तू है' को सुनकर आप पूरी तरह से आश्वस्त हो जाएंगे कि यह फिल्म साल 2018 की सबसे खूबसूरत कहानी पेश करने जा रही है।
'तेरे जैसा तू है' गाने की एक झलक हमने 'फन्ने खां के ट्रेलर में देखी थी, जिसके बाद आज यह गाना हमें पूरा सुनने को मिला है। इस गाने को अमित त्रिवेदी ने बनाया है और इरशाद कामिल ने इसके बोल लिखे हैं। इन दोनों कलाकारों की रचना को गायिका मोनाली ठाकुर ने अपनी आवाज से सजाया है। इरशाद कामिल ने जितने खूबसूरत बोल लिखे थे, मोनाली ने अपनी आवाज से उनके साथ पूरा न्याय किया है। बॉलीवुड इस समय ऐसे बहुत कम गाने रिलीज कर रहा है, जो सीधा दिल में अपनी जगह बनाते हैं। 'फन्ने खां' का नया गाना 'तेरे जैसा तू है' सुनते ही आप इसकी धुन को गुनगुनाने लगते हैं।
अगर गाने में दिए गए संदेश की बात करें तो, यह बताने की कोशिश करता है कि हमें अपने आस-पास के इंसानों को केवल शारीरिक संरचना के आधार पर जज नहीं करना चाहिए। किसी का वजन ज्यादा हो सकता है तो किसी का वजन कम लेकिन इसकी वजह से किसी के हुनर में कमी नहीं आती है।
अगर आप कोई सपना देखते हैं तो उसे पूरा करने का सही रास्ता ढूंढना आपका काम है, लोगों की कही बातों से प्रभावित होकर अगर आप गलत रास्ते पर चलते हैं तो उससे आप अपना ही नुकसान करेंगे। आपको फिल्म 'फन्ने खां' का यह गाना कैसा लगा ? हमें कमेंट करके जरूर बताएं...
बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...