जब से यह खबर पक्की हुई है कि अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन अतुल मांजरेकर की आने वाली फिल्म ‘फन्ने खान’ में एक साथ आ रहे हैं तब से हर कोई एक्साइटेड है। इसकी वजह भी साफ है, आखिरकार यह दोनों कलाकार पूरे 17 साल बाद स्क्रीन पर साथ दिखने जा रहे हैं। इससे पहले यह दोनों लोग सुभाष घई की ‘ताल’ और सतीश कौशिक की ‘हमारा दिल आपके पास है’ में साथ काम कर चुके हैं। हांलाकि हमारे पास फिल्म 'फन्ने खान' से आपके लिए एक एक्सक्लूसिव जानकारी है। सुनने में आ रहा है कि इस फिल्म में अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन साथ में रोमांस करते दिखाई नहीं देंगे। [इसे भी पढ़ें- मेलबर्न के फेडरेशन चौक पर तिरंगा फहराने वाली पहली भारतीय बनेंगी ऐश्वर्या राय बच्चन !!]
जी हां, हाल में बॉलीवुड लाइफ ने अनिल कपूर के साथ फिल्म 'मुबारकां' के लिए खास मुलाकात की थी, जिस दौरान हमने उनकी आने वाली फिल्म 'फन्ने खान' के बारे में भी पूछा था। फिल्म के बारे में अनिल कपूर का जवाब था, ‘फिल्म की सबसे खास बात यह है कि ऐश मेरे अपोजिट नहीं हैं। जो कि इस फिल्म को सबसे अलग बनाता है। फिल्म में हम दोनों लोग अजनबी हैं। ऐसे अजनबी जो करीब आते हैं लेकिन उनके बीच किसी तरह का रोमांस नहीं है।’
ऐश की तारीफ करते हुए अनिल कपूर ने कहा है कि, ‘ऐश्वर्या और मैं काफी अच्छे से घुल-मिल जाते हैं। यहां तक कि मैं ऐश की मां के साथ भी काफी अच्छा रिश्ता शेयर करता हूं। वो बहुत ही बुद्धिमान हैं, इसके साथ-साथ वो बहुत अच्छा बोलती हैं। वो सबसे खूबसूरत महिला हैं, जिनसे आप अपनी नजरें भी नहीं हटा पाते हैं। वो बहुत ही कमाल की डांसर भी हैं। फिल्म ताल में उनका काम कमाल का था।’
देखें वीडियो:
अनिल कपूर के अनुसार फिल्म 'फन्ने खान' में भले ही कोई रोमांटिक एंगल उनके और ऐश के किरदारों के बीच न हो लेकिन उनकी जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित होगी। अनिल ने बताया है कि, ‘मुझे उम्मीद है कि फन्ने खान वो फिल्म साबित होगी, जो हमारी सफल फिल्मों की हैटट्रिक करायेगी।’